अलवर के सदर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में घर में घुसकर मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। पीड़िता गीता देवी पत्नी राजेन्द्र कुमार सैनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने पांच नामजद सहित कई अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामला सोमवार का जिसकी रिपोर्ट थाने में अब दर्ज हुई है। रिपोर्ट के अनुसार 7 मार्च को गीता देवी के बेटे राहुल सैनी और ललित सैनी बहादुरपुर स्थित माया लाइब्रेरी में पढ़ने गए थे। वहां नरेंद्र, दिनेश, मोहित सहित चार-पांच अन्य युवकों ने दोनों के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि राहुल के सिर पर सरिये से वार किया गया, जिससे वह घायल हो गया। उस समय गांव के लोगों की मौजूदगी में समझौता करा दिया गया था। पीड़िता ने बताया कि 9 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे नरेंद्र, दिनेश, मोहित, बन्ने, विशाल गुर्जर व अन्य 8–10 युवक मोटरसाइकिलों पर उनके घर पहुंचे। आरोपियों के हाथ में सरिये और डंडे थे। उन्होंने घर में घुसकर ललित के बारे में पूछते हुए गीता देवी और उनके बेटों के साथ लाठी-डंडों व सरियों से मारपीट कर दी। शोर-शराबा सुनकर गांव के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी मौके से भाग गए। हमले में गीता देवी के दाहिने हाथ में चोट आई, जबकि ललित की आंख और हाथ तथा राहुल के सिर में चोट आई है। जाते समय आरोपी गीता देवी के गले से सोने की डेढ़ तोले की चेन भी छीनकर ले गए। सदर थाना पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
