मेरठ के LLRM मेडिकल कॉलेज में एलाइड एंड हेल्थ केयर के तहत आयोजित दो दिवसीय कॉलेजियम 2026 का मंगलवार को समापन हो गया। कार्यक्रम में चिकित्सा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को व्यावहारिक और सैद्धांतिक जानकारी दी।
कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन एनेस्थीसिया विभाग द्वारा “बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS)” विषय पर वर्कशॉप आयोजित की गई, जिसमें डॉ. गौरव शर्मा और डॉ. सुधीर धामा ने छात्रों को आपात स्थिति में जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी दी। वर्कशॉप में BLS की बारीकियों को प्रैक्टिकल तरीके से समझाया गया, जिससे छात्रों को वास्तविक परिस्थितियों में उपयोगी ज्ञान मिला।
इस दौरान हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव अग्रवाल ने हृदय संबंधी बीमारियों, उनके कारण और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और शिक्षा के माध्यम से खुद को सशक्त बनाने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में आयोजित वाल पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीर करुणा ने किया। इस दौरान कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. धीरज बालियान ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Source link
