मध्य प्रदेश के सीधी जिले में पोड़ी रेंज के आगरझिरिया बीट स्थित ग्राम करूहा में रविवार रात करीब 10 बजे हाथियों का एक झुंड घुस आया। लगभग 12 हाथियों के इस झुंड ने खेतों में जमकर उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इस घटना में आठ किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। विशेष रूप से दीपक यादव और मथुरा यादव के लगभग चार खेतों में लगी एक एकड़ गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। हाथियों ने फसलों को रौंदने के साथ-साथ सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर पाइपों को भी तोड़ दिया, जिससे किसानों को दोहरा नुकसान झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े बजाकर हाथियों को खदेड़ा हाथियों के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही गांव के रमेश मिश्रा और वीरबल मिश्रा सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े बजाकर और शोर मचाकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद गांव वालों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम को घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के डीएफओ राजेश कन्ना टी ने बताया कि इस इलाके में हाथियों की आवाजाही बनी रहती है और टीम लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के करीब न जाने की अपील की है, साथ ही किसी भी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचित करने को कहा है।
Source link
