![]()
रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर गांव के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में ऑटो सवार 5 लोग घायल हो गए, जिनमें चालक सहित 4 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल था। वर्तमान में 2 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रीवा जिला अस्पताल रेफर किया गया है, वहीं पनवार थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, ऑटो रामबाग से देवरी की ओर सवारियां लेकर जा रहा था। शनिवार सुबह जैसे ही वाहन शिवपुर के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उसकी आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवा पहुंचाया गया। 2 की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रीवा रेफर हादसे में घायल हुए लोगों में घूमन निवासी योगेंद्र यादव (38) और देवरी निवासी राजकुमारी यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जवा अस्पताल से जिला अस्पताल रीवा रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवा में ही जारी है। सूचना मिलते ही पनवार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और थाने भेज दिया है। लोगों का आरोप- नाबालिग चला रहे वाहन स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और बिना लाइसेंस वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने बताया कि खासकर तराई इलाकों में नाबालिग चालकों द्वारा ई-रिक्शा चलाने से हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source link
