छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सुबह-सुबह प्रशासनिक टीम शहर के दूध डेयरी में पहुंच गई। जहां डेयरियों में बेचे जा रहे दूध, दही, पनीर और खोवा की जांच की गई। इनका सैंपल भी लिया गया है, जिसे प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोमवार की सुबह 7 बजे शहर में संयुक्त टीम द्वारा अलग-अलग डेयरियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, तहसीलदार शिव कुमार डनसेना और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम मौजूद रही। जांच टीम जगदीश डेयरी, संतोष डेयरी और विकास डेयरी एंड स्वीट्स में पहुंची। जहां खाद्य पदार्थों का निरीक्षण किया गया और पूरी जानकारी ली गई। इसके बाद इन डेयरियों से दूध, दही, पनीर और खोवा के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। सैंपलों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के तहत आगे भी नियमित निरीक्षण जारी रहने की बात कही गई है।
11 मई तक चलेगा अभियान
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सही दवा, शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार थीम पर 15 दिन के विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिसकी शुरूआत आज यानि 27 अप्रैल से की गई है। यह अभियान 11 मई तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य मिलावट और नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाना और लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और दवाएं उपलब्ध कराना है।
Source link
