अबोहर के गांव बल्लूआना में एक आढ़ती पर बुजुर्ग महिला मजदूर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। महिला को चोरी के आरोप में पीटा गया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला की पहचान सीमा रानी पत्नी स्व. कश्मीरी लाल के रूप में हुई है। उनके पति का करीब 7-8 साल पहले निधन हो गया था। उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी राजस्थान में हुई हैं। सीमा रानी अब अकेली रहती हैं और गेहूं खरीद सीजन के दौरान बल्लूआना की अनाज मंडी में मजदूरी करके और चाय बेचकर अपना गुजारा करती हैं। बुजुर्ग महिला के पेट में मारी लात पीड़ित महिला ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब 4 बजे एक आढ़ती उनके खोखे पर आया। उसने महिला से 17 बोरी गेहूं चोरी होने के संबंध में पूछताछ की। जब महिला ने बताया कि वह खोखे में सोई हुई थी और उसे गेहूं चोरी के बारे में कोई जानकारी नहीं है, तो आढ़ती ने उस पर ही गेहूं चोरी करवाने का आरोप लगाते हुए अभद्र गालियां देनी शुरू कर दीं। महिला के विरोध करने पर, आढ़ती ने कथित तौर पर उसके पेट में लातें मारीं और मारपीट की। महिला का शोर सुनकर मंडी के अन्य मजदूर मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने महिला को आढ़ती के चंगुल से छुड़वाया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने कहा कि उसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है, इसलिए उसे न्याय दिलाया जाए। एमएलआर के आधार पर कार्रवाई करेगी पुलिस इस संबंध में थाना सदर के प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि अभी तक एमएलआर (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) की कॉपी उनके पास नहीं आई है। एमएलआर पहुंचते ही पुलिस कर्मचारी गुरमीत सिंह अस्पताल जाकर महिला के बयान दर्ज करेंगे और मामले की जांच शुरू करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में सच्चाई पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
