अभिषेक जैन | मैनपुरी1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मैनपुरी में बाइक विवाद को लेकर एक परिवार पर हमला किया गया है। दबंगों ने घर में घुसकर महिला समेत परिजनों के साथ मारपीट की। घटना के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल से रिकॉर्ड किए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महमूद नगर का है। पीड़िता नजमा पत्नी मोंटी ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। नजमा ने बताया कि 5 मई 2026 को दोपहर करीब ढाई बजे उसके बेटे का कुछ लोगों से बाइक को लेकर विवाद हो गया था।

आरोप है कि महमूद नगर के रहने वाले दबंद एक राय होकर उनके घर पहुंचे। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने घर के बाहर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की।
शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। नजमा का कहना है कि घटना के बाद उसका पूरा परिवार डरा हुआ है और उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है। पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल से रिकॉर्ड किए गए अन्य वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कुछ लोग हंगामा और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इस संबंध में सीओ सिटी संतोष कुमार ने बताया कि वायरल सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें मारपीट स्पष्ट दिख रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

