हिमाचल प्रदेश की पंचायतों में नामांकन प्रक्रिया आज (शुक्रवार को) भी जारी है। कई जगह प्रत्याशी ढोल-नगाड़ों के साथ नॉमिनेशन भरने पहुंच रहे हैं। कुछ दावेदार भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। शिमला जिला के सरस्वती नगर से चर्चित पहाड़ी लोक गायक विक्की चौहान की पत्नी श्वेता चौहान भी आज नॉमिनेशन फाइल करने जा रही है। राज्य में नामांकन के पहले दिन 16 हजार 891 दावेदार आवेदन कर चुके हैं। मंडी जिला में सबसे ज्यादा 3 हजार 731 ने नामांकन भरे गए हैं, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 74 नामांकन दर्ज किए गए। नामांकन प्रक्रिया 8 और 11 मई को भी जारी रहेगी। इनकी छंटनी 12 मई को होगी, जबकि 14 व 15 मई को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। 15 मई को दोपहर तीन बजे नॉमिनेशन वापसी के साथ ही चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसी दिन चुनाव लड़ने वाले दावेदारों की तस्वीर साफ हो जाएगी। 31 हजार 214 पदों को हो रहे चुनाव राज्य की 3754 पंचायतों में 31 हजार 214 पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उप प्रधान, 21 हजार 654 वार्ड मेंबर, 1,769 बीडीसी और 251 जिला परिषद सदस्य चुने जाएंगे। इनके भाग्य का फैसला 50 लाख से अधिक मतदाता करेंगे। तीन चरणों में मतदान राज्य में 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में मतदान होगा। प्रधान, उप प्रधान और वार्ड मेंबर के मतों की गणना पंचायत मुख्यालय में होगी। रिजल्ट मतदान वाले दिन ही आएंगे और उसी दिन घोषित होंगे, जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना ब्लॉक स्तर पर 31 मई को करवाई जाएगी।
Source link
