रामपुर के इंदिरा मार्केट स्थित स्लॉटर हाउस में पशुपालन विभाग के निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि यहां बीमारियों से ग्रस्त बकरों को काटा जा रहा था और बिक्री के लिए सप्लाई किया जा रहा था। जिससे जन स्वास्थ्य को बड़ा खतरा हो सकता है। शुक्रवार को वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा, नायब तहसीलदार सुरेश नेगी, पुलिस दल और पशुपालन विभाग की टीम ने बूचड़खाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बूचड़खाने में भारी गंदगी, अव्यवस्थित ढंग से पशु काटने और सफाई व्यवस्था में गंभीर खामियां पाई गईं। अधिकारियों ने वहां काटकर लटकाए गए बकरों की जांच की, जिसमें कई खतरनाक पशु जनित रोगों के लक्षण मिले। जांच में बकरों में ट्यूबरक्लोसिस, ब्रूसेला, हाइडैटिड सिस्ट और लिम्फोइड ल्यूकोसिस जैसे संक्रमण पाए गए। चिकित्सकों के अनुसार, इन रोगों के 60 से 70 प्रतिशत तक मनुष्यों में फैलने की आशंका रहती है। कई बकरों के अंगों में पाया गया संक्रमण कई बकरों के लीवर, फेफड़े और अन्य अंग संक्रमण से प्रभावित पाए गए। इसके बाद विभाग ने छह बकरों को फिनाइल डालकर हटाने के निर्देश नगर परिषद को दिए। साथ ही, मांस के नमूने भी जांच के लिए एकत्रित किए गए हैं। इस मामले ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि बूचड़खाने में पशु काटने, सफाई और ड्रेसिंग के लिए अलग-अलग स्थान सुनिश्चित किए जाएंगे। डॉ. अनिल शर्मा ने जानकारी दी कि जांच रिपोर्ट जल्द ही एसडीएम और नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
