राजसमंद में देवगढ़ थाना पुलिस ने 26 साल पुराने हत्या के मामले में फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई ऑपरेशन सुदर्शन चक्र 02 अभियान के तहत की गई। पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव व पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार- 3 जून 2000 को कामलीघाट चौराहे से पुलिस को सूचना मिली थी कि ढाण की बावड़ी स्थित एनएच-08 पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में दो आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जांच में आरोपी मेहरूदीन(55) पुत्र पीरूखां निवासी कानियाखेड़ा, भीम की तलाश लंबे समय से की जा रही थी। आरोपी घटना के बाद गांव छोड़कर दुबई चला गया था और करीब 15 साल तक वहीं रहा। वर्ष 2016 में भारत लौटने के बाद वह पाली, फालना, सिरोही, गुजरात और मध्यप्रदेश में किराये के मकानों में रहकर ट्रक चलाने का काम करता रहा। देवगढ़ पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और लगातार निगरानी के जरिए आरोपी के परिवार के ब्यावर में शिफ्ट होने की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ब्यावर पहुंचकर आरोपी को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया।
Source link
