बिहार में नई सरकार के गठन और मंत्रिमंडल विस्तार के बाद ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार शुक्रवार देर शाम अपने गृह जिले नालंदा के नूरसराय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान श्रवण कुमार ने भविष्य की कार्य योजनाओं और विपक्षी हमलों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। एक बार फिर पुराने विभागों की जिम्मेदारी मिलने के सवाल पर कहा कि उन्हें जो भी काम मिलता है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाते हैं। उनका लक्ष्य पूर्व में किए गए कार्यों को और बेहतर बनाना है। अगर कहीं कोई कमी रह गई है, तो उसे दुरुस्त करना है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस संकल्प को दोहराया जिसमें बिहार को देश के शीर्ष पांच राज्यों की श्रेणी में खड़ा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पूरी सरकार इसी दिशा में प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। नई टीम ऊर्जा के साथ काम करेगी। जेडीयू हमेशा मजबूती के साथ उभरती है स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी निशांत कुमार को मिलने पर श्रवण कुमार ने कहा कि जहां भी कमियां या त्रुटियां पाई जाएंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाएगा। सभी मंत्रियों ने अपना कार्यभार संभाल लिया है और विभागों की समीक्षा शुरू कर दी गई है। विपक्ष पर श्रवण कुमार ने तंज भरे लहजे में कहा कि कुछ लोग हमेशा जेडीयू के खत्म होने की भविष्यवाणी करते हैं, लेकिन असलियत यह है कि जब-जब ऐसी बातें कही जाती हैं, पार्टी और मजबूती के साथ उभरती है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी जेडीयू को कमतर आंका गया था, लेकिन जनता ने भारी समर्थन देकर विरोधियों के दावों को खोखला साबित कर दिया। जेडीयू को खत्म करने की चाह रखने वाले खुद राजनीतिक रूप से हाशिए पर चले जाते हैं।
बंगाल में जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया है पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम पर कहा कि वहां की जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया है। जिस सफाए की बात पहले कही गई थी, वह चुनाव परिणामों में नजर आई है। लोकतंत्र में जनादेश सर्वोपरि है और हम जनता के फैसले का सम्मान करते हैं।
Source link
