जयपुर वेस्ट पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपियों के वारदात के तरीके से पुलिस भी हैरान है। आरोपी दिन में शहर और ग्रामीण इलाकों से बाइक चोरी करते, फिर उन्हें न्यू ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र के खाली भूखंडों और झाड़ियों में छिपा देते थे। रात होने पर दोनों बदमाश आसपास के श्मशान घाटों में जाकर सो जाते थे ताकि पुलिस और लोगों की नजर से बच सकें। बाद में बाइक के पार्ट्स खोलकर उन्हें बेच दिया जाता था। पुलिस ने इस गिरोह को “जोम्बी गैंग” नाम दिया है। 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिला इनपुट डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि मामले की शुरुआत 26 अप्रैल को शंकर कॉलोनी, न्यू लोहा मंडी रोड हरमाड़ा से मोटरसाइकिल नंबर RJ26SP4712 चोरी होने की शिकायत से हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के बाद वाहनों को न्यू ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में छिपा देते थे, जहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे। पुलिस ने मजदूर बन पकड़ा हरमाड़ा थानाप्रभारी उदय सिंह ने बताया कि लगातार निगरानी के बाद 7 मई को पुलिस टीम ने मजदूरों का वेश धारण कर दोनों संदिग्धों का पीछा किया। पुलिस ने देखा कि आरोपी झाड़ियों में छिपाई गई मोटरसाइकिलों के पार्ट्स खोल रहे थे। इसी दौरान टीम ने दोनों को दबोच लिया। चौमूं, मूरलीपुरा, विश्वकर्मा, करधनी और सामोद समेत कई इलाकों में चोरी की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चौमूं, मूरलीपुरा, विश्वकर्मा, करधनी और सामोद समेत कई इलाकों से बाइक चोरी कर चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास चौधरी और अक्षय पारीक के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और फिलहाल उनसे अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी है।
Source link
