पंचकूला जिले के कालका में एसबीआई बैंक के सामने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक गाड़ी में 34 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की पहचान हरप्रीत सिंह पुत्र गुरशरण सिंह, निवासी साईं मंदिर कालका टगरा कलीराम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनसाराम ने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि हरप्रीत सिंह गाड़ी की पिछली सीट पर मृत अवस्था में पड़ा था। उनका फोन चालू था, जिससे तुरंत हरप्रीत के परिजनों को सूचना दी गई। कल शाम से घर नहीं लौटा हरप्रीत सिंह अविवाहित थे और एक फैक्ट्री में कार्यरत थे। उनके पिता ने बताया कि हरप्रीत कल शाम से घर नहीं लौटे थे और बार-बार फोन करने पर भी उन्होंने जवाब नहीं दिया। यह भी जानकारी मिली है कि हरप्रीत ने हाल ही में फैक्ट्री से अपनी पेमेंट ली थी। वह अपने परिवार के सबसे छोटे बेटे थे, उनके एक बड़े भाई और एक बड़ी बहन हैं। पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया, जिसने जांच के लिए कई नमूने एकत्र किए। मृतक हरप्रीत सिंह के शव को कालका अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Source link
