चंडीगढ़ के गांव मलोया में एक दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी दुकान के अंदर से करीब 5 हजार रुपए कैश और एक कूलर समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार देर रात की है। आरोपी अकेला था और उसने पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी पहले दुकान के शटर के पास आता दिखाई देता है। इसके बाद वह लोहे की किसी नुकीली चीज से ताला तोड़ता है और अंदर घुस जाता है। गल्ले से कैश और सामान चोरी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी दुकान के अंदर पहुंचते ही सीधे गल्ले के पास जाता है। वहां रखे करीब 5 हजार रुपए नकद उठाने के बाद उसने दुकान में रखा एक कूलर और अन्य सामान भी अपनी रेहड़ी में रखा। इसके बाद आरोपी आराम से वहां से फरार हो गया। सीसीटीवी में आरोपी रेहड़ी लेकर जाते हुए साफ नजर आ रहा है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। आसपास के इलाकों के कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी के आने-जाने का रूट पता लगाया जा सके। 3 साल की मेहनत से खड़ी की दुकान दुकान मालिक पुनीत ने बताया कि दुकान पर उनके पिता बैठते हैं। करीब 3 साल पहले उन्होंने मेहनत से यह काम शुरू किया था। दुकान में पुरानी बोरियां खरीदी जाती हैं, जिन्हें ठीक कर आगे कंपनियों को बेचा जाता है। पुनीत ने बताया कि मंगलवार रात रोजाना की तरह उनके पिता दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे तो बाहर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो गल्ले से नकदी गायब थी और सामान भी चोरी हो चुका था। इसके बाद उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उसमें चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली। फुटेज में आरोपी साफ दिखाई दे रहा है। इलाके में घूमते हैं शरारती तत्व पुनीत ने कहा कि उनके पिता ने दिन-रात मेहनत कर यह दुकान खड़ी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में अक्सर शरारती तत्व घूमते रहते हैं। देर रात सड़कों पर संदिग्ध लोग नजर आते हैं, जिन पर पुलिस को सख्ती करनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
