तरनतारन के फतेहाबाद कस्बे में मंगलवार रात 22 वर्षीय युवक रवि सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला अपराधियों के आपसी विवाद और फिरौती की रकम के बंटवारे से जुड़ा हुआ सामने आया है। मृतक की पहचान चरणजीत सिंह के पुत्र रवि सिंह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे उस समय हुई जब रवि एक धार्मिक कार्यक्रम (जगराते) से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान उस पर फायरिंग की गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फिरौती के पैसों के विवाद में हत्या: एसएसपी एसएसपी सुरिंदर लांबा ने प्रेस वार्ता में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि यह हत्या किसी रंजिश का नहीं, बल्कि अवैध उगाही (Extortion) के पैसों के बंटवारे का नतीजा है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से फतेहाबाद और आसपास के इलाकों में लोगों को फिरौती के लिए फोन कॉल आ रहे थे। जांच में सामने आया कि मृतक रवि सिंह और उसका एक साथी मिलकर इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। बीती रात पैसों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद उसके साथी ने उसे गोली मार दी। फरार आरोपी की पहचान, पुलिस कर रही छापेमारी एसएसपी लांबा ने बताया कि पुलिस ने गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है। हालांकि, वारदात के बाद वह मौके से फरार होने में सफल रहा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया जाएगा। साथी के मोबाइल का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस मृतक रवि सिंह के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए तरनतारन के सिविल अस्पताल भेजा। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब मृतक और उसके साथी के मोबाइल रिकॉर्ड्स को भी खंगाल रही है ताकि इस फिरौती नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
Source link
