मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरसिंहपुर के मुंगवानी गांव में लाडली बहना कार्यक्रम में प्रदेश की 1.25 करोड़ बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपए की राशि भेजी। मुख्यमंत्री ने मुंगवानी में उच्च शिक्षा के लिए एक नया कॉलेज खोलने और बेलखेड़ी मार्ग पर पुल बनाने का ऐलान किया। साथ ही, नरसिंहपुर के हॉकी खिलाड़ियों के लिए एस्ट्रो टर्फ मैदान बनाने की भी घोषणा की गई, जिससे खेल सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। योजना बंद होने की अफवाहों पर जवाब अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद कांग्रेस नेताओं ने दावा किया था कि लाडली बहना योजना बंद हो जाएगी। लेकिन सरकार ने न केवल इस योजना को चालू रखा, बल्कि बहनों को मिलने वाली राशि में भी बढ़ोत्तरी की है। उन्होंने नरसिंहपुर पर मां नर्मदा की कृपा का भी जिक्र किया। लाठी घुमाकर बढ़ाया बच्चों का उत्साह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत कलश यात्रा और पारंपरिक नृत्यों के साथ हुआ। शौर्य दल के बच्चों ने जब लाठी के करतब दिखाए, तो मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने भी बच्चों के साथ लाठी घुमाकर उनका हौसला बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने सरकारी विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया। इस दौरान सरकार के कई मंत्री और सांसद भी मौजूद रहे। इंतजामों में दिखी भारी कमी इतने बड़े आयोजन के बावजूद कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाएं काफी खराब नजर आईं। मैदान में चारों तरफ प्लास्टिक का कचरा फैला हुआ था। मीडिया सेंटर में न तो ठंडी हवा का इंतजाम था और न ही पीने के पानी की ठीक व्यवस्था। दूर-दराज से आए लोगों को खाने-पीने के लिए काफी परेशान होना पड़ा और नाश्ते के केंद्रों के पास भारी गंदगी और जूठे बर्तनों के ढेर लगे रहे।
Source link
