संगरूर जिले के भवानीगढ़ में नगर कौंसिल कार्यालय के बाहर पिछले आठ दिनों से धरने पर बैठे आउटसोर्स कर्मचारियों और कच्चे सफाई कर्मियों ने बुधवार को पंजाब सरकार और प्रशासन के खिलाफ विशाल रोष रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जता रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने थालियां बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया और शहर की सड़कों पर मार्च करते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए। उनके हाथों में बैनर, झंडे और मांगों से संबंधित तख्तियां थीं। प्रदर्शनकारी “बराबर काम-बराबर वेतन”, “कर्मचारियों को पक्का करो” और “आउटसोर्स प्रथा बंद करो” जैसे नारे लगा रहे थे। इस रोष मार्च में आउटसोर्स आधार पर काम कर रहे कंप्यूटर ऑपरेटर, क्लर्क, डाटा एंट्री ऑपरेटर, माली-कम-चौकीदार, सेवेदार, पंप ऑपरेटर, ड्राइवर, इलेक्ट्रीशियन सहित बड़ी संख्या में कच्चे सफाई कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। रैली नगर कौंसिल कार्यालय से शुरू होकर चंडीगढ़-बठिंडा नेशनल हाईवे की सर्विस रोड, बलियाल रोड कट, मेन बाजार, गौशाला चौक और भगत सिंह चौक से होते हुए वापस नगर कौंसिल कार्यालय पहुंची। शहरवासी बोले- कर्मचारियों की मांग जायज रैली के दौरान शहरवासियों ने भी कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए उनके संघर्ष के प्रति समर्थन जताया। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वे पिछले कई वर्षों से बेहद कम वेतन पर काम कर रहे हैं, जबकि उनसे नियमित कर्मचारियों की तरह काम लिया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें न तो नौकरी की सुरक्षा दी जा रही है और न ही सरकारी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था से लेकर दफ्तरों के कामकाज तक में उनका अहम योगदान है, लेकिन सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
Source link
