पठानकोट जिले के ब्लॉक धारकलां को 5 महीने बाद चेयरमैन और उप-चेयरमैन मिले हैं। दिसंबर में हुए चुनाव में विजेता रहे धारकलां ब्लॉक समिति उम्मीदवारों ने सर्वसम्मति से एकता चौधरी को ब्लॉक समिति धारकलां का चेयरपर्सन और सुनीता को उप-चेयरपर्सन चुना है। इस दौरान पंजाब कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क विशेष रूप से उपस्थित हुए। उनके साथ हलका इंचार्ज सुजानपुर अमित मिंटू व पदाधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क द्वारा नवनियुक्त चेयरमैन और उप-चेयरमैन को फूलों के हार पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्हें पद की बधाई दी गई। 6 ब्लॉक समितियों में से 5 पर आप का दबदबा
कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि पंजाब में हाल ही में हुए जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में लोगों ने आम आदमी पार्टी को भरपूर समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि पठानकोट जिले की छह ब्लॉक समितियों में से पांच पर पार्टी के चेयरमैन बने हैं, जो लोगों के भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धारकलां जैसा कंडी क्षेत्र विकास की अपार संभावनाएं रखता है और यहाँ पानी सहित अन्य मुख्य समस्याओं के समाधान के लिए पंजाब सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार की गिनवाई उपलब्धियां
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लोक कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में लोगों को मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना और महिलाओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि “मेरी रसोई” योजना के तहत राशन कार्ड धारकों को आवश्यक राशन सामग्री भी उपलब्ध करवाई जा रही है। बिना भेदभाव के होगा क्षेत्र का विकास
नवनियुक्त चेयरमैन एकता चौधरी और उप-चेयरमैन सुनीता ने लोगों और पार्टी हाईकमान का धन्यवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि वे बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगी और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी।
अमित मिंटू ने कहा कि पार्टी की पूरी टीम मिलजुलकर धारकलां ब्लॉक और सुजानपुर हलके के विकास के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि गाँवों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
Source link
