उत्तर प्रदेश शासन ने 14 मई को देर शाम 84 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। जारी तबादला सूची में अलीगढ़, मेरठ, कानपुर समेत कई जिलों के अधिकारियों के नाम शामिल हैं। कानपुर में तैनात तीन पीसीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। नगर निगम कानपुर में अपर नगर आयुक्त के पद पर तैनात मोहम्मद आवेश का तबादला शाहजहांपुर कर दिया गया है। उन्हें वहां अपर जिला अधिकारी (एडीएम) बनाया गया है। मोहम्मद आवेश नगर निगम में कई प्रशासनिक और विकास कार्यों से जुड़े रहे हैं। उनके स्थान पर रायबरेली में एडीएम पद पर तैनात अमृता सिंह को कानपुर नगर निगम का नया अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। माना जा रहा है कि वह जल्द ही कानपुर में अपना कार्यभार संभालेंगी। इसके अलावा कानपुर नगर में एडीएम सिटी के पद पर तैनात राजेश कुमार का तबादला वाराणसी कर दिया गया है। शासन ने उन्हें वाराणसी में एडीएम सिटी की जिम्मेदारी सौंपी है। राजेश कुमार लंबे समय से कानपुर में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। वहीं कानपुर नगर में एसडीएम पद पर कार्यरत आलोक कुमार गुप्ता को पदोन्नति देते हुए एडीएम सिटी बनाया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा किए गए इन तबादलों को प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। शासन की ओर से सभी अधिकारियों को जल्द नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link
