छिंदवाड़ा के परासिया रोड पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। देहात थाना क्षेत्र में 108 एंबुलेंस के चालक ने कथित रूप से शराब के नशे में सड़क किनारे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। घटना में एक फल दुकान संचालक भी बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस छिंदवाड़ा से परासिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। नशे में था ड्राइवर, हाथ जोड़कर माफी मांगी
लोगों का कहना है कि चालक शराब के नशे में था। घटना के बाद चालक हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगता नजर आया। जब उससे नाम और एंबुलेंस कहां जा रही थी, इसकी जानकारी पूछी गई तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया और बार-बार “मेरी इज्जत बचा लो, मुझे माफ कर दो” कहता रहा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं सड़क किनारे फल की दुकान लगाने वाला व्यक्ति भी टक्कर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Source link
