भिंड जिले में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी तेज धूप, कभी तेज हवाएं तो कभी अचानक बादल छाने और बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ रहा है। मौसम में हर दूसरे दिन हो रहे बदलाव का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल और निजी क्लीनिकों में सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार और मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। बीते गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग बेहाल रहे। रात में भी गर्म हवाएं चलती रहीं। देर रात करीब 2 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाएं चलने लगीं। शुक्रवार सुबह आसमान पर काले बादल छा गए और जिले के कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि कुछ देर बाद हवाओं के साथ बादल छंट गए और फिर तेज धूप निकल आई, जिससे उमस और बढ़ गई। मौसम में आए इस बदलाव के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक रहने का अनुमान है। हवाएं 5 से 6 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दो दिन तक गर्मी का असर बना रहेगा। इसके बाद फिर से बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना बन सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
Source link
