रायपुर में जमीन बेचने के नाम पर 28 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर आजाद चौक थाना पुलिस ने मेसर्स राजश्री प्रॉपर्टीज के पार्टनर अनिल अग्रवाल, सपना सिंघानिया और रमेश सिंघानिया के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का केस दर्ज किया है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला प्रगति विहार निवासी पंकज चिजवानी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात जमीन दलाल जसमीत सिंह, सुनील रंगलानी और मुदित सोमवंशी से हुई थी। दलालों ने उन्हें मोवा स्थित अशोका रतन के पीछे करीब 10,300 वर्गफीट जमीन दिखाई। बताया गया कि यह जमीन राजश्री प्रॉपर्टीज की है और इसका सौदा 1400 रुपए प्रति वर्गफीट के हिसाब से तय हुआ। शिकायत के मुताबिक, पंकज ने बतौर बयाना 28 लाख रुपए दिए। इसमें 12 लाख नकद और 16 लाख रुपए के दो चेक शामिल थे। आरोप है कि अनिल अग्रवाल और रमेश सिंघानिया ने जमीन को अपनी बताते हुए विक्रय इकरारनामा भी कराया। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने जमीन पर बाउंड्रीवाल कराने और नाम लिखवाने तक की अनुमति दे दी। हालांकि कुछ दिन बाद सीमांकन के दौरान पूरा मामला खुल गया। पटवारी और आरआई की मौजूदगी में एक अन्य व्यक्ति अनिल जैन ने जमीन पर अपना दावा किया। जांच में पता चला कि राजश्री प्रॉपर्टीज द्वारा बताए गए खसरा नंबर मौके पर मेल ही नहीं खा रहे थे। ढाई साल बाद केस दर्ज पीड़ित का आरोप है कि विवाद सामने आने के बाद आरोपियों ने पहले कोर्ट में मामला सुलझाने का भरोसा दिया, लेकिन करीब ढाई साल बीतने के बाद भी न जमीन मिली और न ही पैसे लौटाए गए। लगातार टालमटोल किए जाने के बाद अब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा आजाद चौक थाना के निरीक्षक रितेश मिश्रा ने बताया, कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामलें में जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
