करनाल में घरौंडा की नई अनाज मंडी में आज से शुरू हुई शिव महापुराण कथा को लेकर माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है। उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल, यूपी, बिहार और हरियाणा सहित कई राज्यों से श्रद्धालु 16 मई से ही यहां पहुंचने लगे हैं। कथा स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में लोग मंच के पास अपनी जगह सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि वे कथा को नजदीक से सुन सकें। वहीं शनिवार देर रात को ही विश्व विख्यात कथा वाचक प्रदीप मिश्रा शनिवार देर रात को ही करनाल के महाराजा अग्रसेन भवन पहुंचे। जहां उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। यहां पहुंचने पर समाज के लोगों ने उनका फूल मालाओं व रास्ते में फूल बिछा कर उनका स्वागत किया। तैयारियां पूरी, मंच के पास जगह घेरकर बैठे श्रद्धालु
घरौंडा की नई अनाज मंडी में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। दूर-दूर से पहुंचे लोग पहले ही दिन से अपने बैठने की जगह तय कर रहे हैं। कई श्रद्धालु पूरे सात दिन तक यहीं रुकने की योजना बनाकर आए हैं, जिससे कथा स्थल पर भीड़ लगातार बढ़ रही है। प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा खुद व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, एंबुलेंस, अग्निशमन गाड़ी और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शहर में ट्रैफिक सुचारू रखने के साथ ही सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने जगह-जगह बेरिकेटिंग कर रखी है। पार्किंग के लिए बनाई अलग व्यवस्था, सार्वजनिक वाहन अपनाने की अपील
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है। करनाल की तरफ से आने वाले लोग तन्ना राइस मिल के पास बनाई गई पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकते हैं, जबकि पानीपत की ओर से आने वालों के लिए तिरंगा ढाबा के पास पार्किंग निर्धारित की गई है। तिरंगा ढाबा से कथा स्थल करीब 4 किलोमीटर और तन्ना मिल पार्किंग से लगभग 2 किलोमीटर दूर है। यहां से श्रद्धालु ई-रिक्शा या ऑटो के जरिए पहुंच सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक साधनों का उपयोग करने की अपील की है। श्रद्धालु बोले- कथा सुनने से मिलती है शांति
घरौंडा पहुंची श्रद्धालु मीनाक्षी, प्रवीणा, कांता, विशाखा, कौशल्या और आकृति ने बताया कि वे खास तौर पर कथा सुनने के लिए यहां आई हैं। उनका कहना है कि भगवान शिव की कथा सुनने से जीवन के दुख दूर होते हैं और मन को शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि जहां भी पंडित प्रदीप मिश्रा कथा करते हैं, वे वहां जरूर पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि 17 मई को दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक होने वाली कथा में हजारों की संख्या में लोग जुटेंगे। अखंड भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालु ले रहे प्रसाद
कथा स्थल पर अखंड भंडारे की व्यवस्था भी की गई है, जहां लगातार श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। सेवा कार्यों में जुटे लोग भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और अपनी श्रद्धा अनुसार दान कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर भक्ति और सेवा का माहौल बना हुआ है। विवाद के बाद सर्व समाज ने संभाली जिम्मेदारी
इस आयोजन को लेकर पहले मैनेजमेंट कमेटी के कारण विवाद खड़ा हो गया था और कथा रद्द होने की स्थिति बन गई थी। हालांकि बाद में घरौंडा के सर्व समाज ने आगे आकर आयोजन की जिम्मेदारी अपने हाथ में ली और कथा को सफलतापूर्वक करवाने का निर्णय लिया। अब सभी के सहयोग से कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जा रहा है।
Source link
