बदायूं में सोमवार देर रात 400 केवीए क्षमता के एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इस घटना के कारण शहर के आधा दर्जन से अधिक इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि, ट्रांसफार्मर सुरक्षित रहा, लेकिन उसकी केबल और लीड्स जल गईं। यह घटना शहर के श्यामनगर इलाके में बिरुआबाड़ी मंदिर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर हुई। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर के आसपास कुछ लोगों ने कचरा डाल दिया था। इसी कचरे में किसी तरह चिंगारी पहुंचने से आग भड़क उठी और लपटें ट्रांसफार्मर तक पहुंच गईं।
आग की चपेट में आने से ट्रांसफार्मर की केबल और लीड्स पिघल गईं, जिसके बाद बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई। श्यामनगर, प्रोफेसर कॉलोनी, विजय नगर कॉलोनी, दुर्गा कॉलोनी, पथिक चौक और काली सड़क जैसे इलाकों में बिजली गुल हो गई। सूचना मिलने पर पावर कॉर्पोरेशन की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। एसडीओ टाउन सुमित साहू ने बताया कि ट्रांसफार्मर सुरक्षित है और केवल लीड्स व केबल बदली जा रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीन से चार घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
Source link
