देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल अंतर्गत बुढ़ई थाना क्षेत्र की जाभागुड़ी पंचायत स्थित तितमोही गांव में चार वर्षीय मासूम सौरभ हांसदा बंद पड़ी खदान में गिर गया। घटना के बाद से बच्चे की मौत की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दिलीप हांसदा का पुत्र सौरभ अपने चाचा के साथ दोपहर में नहाने गया था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह खदान के किनारे पहुंच गया। अचानक किनारे की मिट्टी खिसक गई और मासूम गहरे पानी में जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन खदान की गहराई और पानी अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। रात तक चला सर्च ऑपरेशन, गांव में पसरा मातम घटना की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास होकर घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। मासूम के लापता होने के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से देर शाम तक खोजबीन जारी रही, लेकिन रात तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर किसी की नजरें सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं। एनडीआरएफ से ही अब उम्मीद सूचना मिलते ही बुढ़ई थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। खदान की गहराई और स्थिति को देखते हुए एनडीआरएफ टीम को बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि सर्च ऑपरेशन में तेजी लाई जा सके। इस घटना के बाद क्षेत्र में मौजूद बंद खदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई खदानें खुले और असुरक्षित पड़ी हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है।
Source link
