गुरुग्राम जिले के सोहना ढाणी के पास 8 गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर भूमाफिया द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भूमाफिया ने सड़क पर कब्जा करने के साथ-साथ नगर परिषद द्वारा बनाए गए नाले को भी तोड़ दिया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने सोहना एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम अभिषेक कुमार ने तुरंत मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने परिषद अधिकारियों को भी नाला तोड़े जाने की शिकायत की जांच करने के निर्देश दिए हैं। भूमाफियाओं ने अवैध प्लाटिंग के चक्कर में किया अवैध कब्जा यह सड़क गुंडवास, मोहम्मदपुर गुर्जर, शिरोल की ढाणी, रायसीना, हरिया खेड़ा और अलीपुर सहित कई गांवों को जोड़ती है। यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के आवागमन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ भूमाफिया क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग कर रहे हैं और इसी के चलते उन्होंने सड़क पर कब्जा कर लिया है। इससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। साथ ही, परिषद के नाले को तोड़ने से जल निकासी व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। प्रशासन से तुरंत अवैध कब्जा हटाने की मांग अध्यक्ष हीरा प्रधान और पार्षद प्रतिनिधि रूप सैनी ने बताया कि भूमाफिया द्वारा किए गए कब्जे से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत अवैध कब्जा हटाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम अभिषेक कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और सार्वजनिक रास्ते पर किसी भी सूरत में कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।
Source link
