मुख्य बातें

तस्करों ने ट्रेन में उत्पाद टीम पर हमला किया: बक्सर में कुशलपुर हाल्ट के पास चेन पुलिंग कर फरार हुए, यात्रियों में अफरा-तफरी – Buxar News

तस्करों ने ट्रेन में उत्पाद टीम पर हमला किया:  बक्सर में कुशलपुर हाल्ट के पास चेन पुलिंग कर फरार हुए, यात्रियों में अफरा-तफरी – Buxar News

बक्सर में डीडीयू-दानापुर रेलखंड पर शराब तस्करों ने बुधवार सुबह उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया। यह घटना बक्सर और डुमरांव स्टेशन के बीच कुशलपुर हाल्ट के पास लोकमान्य तिलक टर्मिनल-पटना एक्सप्रेस में छापेमारी के दौरान हुई। हालांकि, इस हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, लेकिन ट्रेन में यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। उत्पाद विभाग को लोकमान्य तिलक टर्मिनल-पटना एक्सप्रेस से अवैध शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर एएसआई संजीत तिवारी के नेतृत्व में उत्पाद पुलिस की टीम ट्रेन में सवार हुई थी। टीम की योजना तस्करों को डुमरांव स्टेशन पर दबोचने की थी। हाल्ट के नजदीक तस्करों ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी
पुलिस की भनक लगते ही तस्कर सतर्क हो गए। डुमरांव पहुंचने से पहले ही कुशलपुर हाल्ट के समीप तस्करों ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी। ट्रेन रुकते ही संदिग्ध युवक तेजी से नीचे उतरने लगे। उत्पाद टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, जिस पर तस्कर उग्र हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धक्का-मुक्की के साथ पथराव का भी प्रयास किया गया। अचानक हुए इस हमले में पुलिसकर्मी किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे। घटना के बाद तस्कर मौके से फरार हो गए। ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए भय और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कई यात्री अपने कोच से बाहर निकल आए, जबकि कुछ डर के कारण सीटों पर ही दुबके रहे। घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई। पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शराब तस्करों की पहचान की जा रही है और पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस रेलखंड पर लगातार बढ़ रही शराब तस्करी को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही। वहीं, आरपीएफ प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि उत्पाद विभाग को ट्रेन में छापेमारी से पहले उन्हें सूचना देनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। हालांकि घटना के बाद ट्रेन में गोली चलने की चर्चा भी होने लगी। लेकिन आरपीएफ प्रभारी कुंदन कुमार और उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने गोली चलने की बात को पूरी तरह अफवाह बताया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना के दौरान किसी प्रकार की फायरिंग नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि डीडीयू-दानापुर रेलखंड पर शराब तस्करों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। कुछ महीने पहले भी इसी इलाके में पुलिस टीम पर हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से रेल यात्रियों में भय का माहौल है। यात्रियों ने रेल प्रशासन और पुलिस से ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने, नियमित जांच अभियान चलाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *