पानीपत शहर के अर्जुन नगर काबड़ी रोड पर एक 29 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका 5 माह की गर्भवती थी और उसका एक साल का बेटा भी है। परिजनों का आरोप है कि पति के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंधों और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। तीन साल पहले हुई थी शादी, खुशियों को लगी नजर जानकारी के अनुसार, न्यू रामपुरा कॉलोनी निवासी अंकित की शादी करीब 3 साल पहले सारंगी (29) के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि शादी के पहले एक साल तक सब कुछ सामान्य रहा और घर में खुशहाली थी। एक साल पहले जब सारंगी ने बेटे को जन्म दिया, उसके बाद से ही उनके वैवाहिक जीवन में कड़वाहट घुलनी शुरू हो गई। फोटो से खुला अवैध संबंधों का राज सारंगी के पिता सुशील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बेटा पैदा होने के बाद सारंगी को अपने पति अंकित के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंधों के बारे में पता चला। सारंगी ने अंकित की उस महिला के साथ कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी देखी थीं। जब सारंगी ने इसका विरोध किया और पति को सुधरने के लिए कहा, तो अंकित ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। ससुराल वालों ने नहीं की सुनवाई, कई बार घर से निकाला आरोप है कि अंकित ने न केवल सारंगी के साथ मारपीट की, बल्कि उसे कई बार घर से भी निकाल दिया। सारंगी ने जब भी अपने ससुराल वालों को पति की हरकतों और अवैध संबंधों के बारे में बताया, तो उन्होंने बहू की बात सुनने के बजाय अपने बेटे का ही पक्ष लिया। मायका पक्ष की ओर से कई बार अंकित और उसके परिवार को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन अंकित ने दूसरी महिला से अपना रिश्ता खत्म नहीं किया। शनिवार को जाना था मायके, शुक्रवार को लगा लिया फंदा सारंगी के पिता ने बताया कि उनकी बेटी बहुत परेशान रहने लगी थी। शुक्रवार को उसने मानसिक तनाव और प्रताड़ना से हारकर घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। सबसे दुखद पहलू यह है कि सारंगी को आज यानी शनिवार को अपने मायके जाना था। परिवार उसका इंतजार कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई। पुलिस की कार्रवाई: पति के खिलाफ केस दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुराना औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने सारंगी के पिता सुशील के बयानों के आधार पर आरोपी पति अंकित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है ताकि अवैध संबंधों के दावों की पुष्टि हो सके। फिलहाल आरोपी पति की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source link
