फतेहाबाद जिले में एक बार फिर बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा और पूर्व विधायक दुड़ाराम के बीच खींचतान देखने को मिली। इस बार भूना शहर में तालाब रेनोवेशन कार्य के शुभारंभ पर यह खींचतान उजागर हुई। इस एक ही कार्य का दोनों ने अलग-अलग शुभारंभ किया। पहले दुड़ाराम ने मौके पर पहुंचकर नारियल फोड़ा। इसके बाद जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा नारियल फोड़ने पहुंच गए। बता दें कि, इससे पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक के बीच खींचतान सामने आ चुकी है। दोनों एक-दूसरे को मात देने के लिए मौके ढूंढते रहते हैं। पिछले दिनों ही पूर्व विधायक के चहेते बीडीपीओ का जिलाध्यक्ष ने सिरसा ट्रांसफर करवा दिया था। जानिए…क्या था कार्यक्रम दरअसल, भूना शहर में नगरपालिका प्रशासन की ओर से पुराना पीएनबी तालाब का रेनोवेशन कार्य शुरू किया गया है। इसके तहत तालाब की खुदाई करवाई जाएगी ताकि बारिश के दिनों में शहर को जलभराव से बचाया जा सके। साथ ही गंदगी भी सफाई करवाई जाएगी। इस कार्य पर करीब एक करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस रेनोवेशन कार्य का शुभारंभ करने के लिए पूर्व विधायक दुड़ाराम, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा को बुलाया गया था। मगर पूर्व विधायक दुड़ाराम पहले पहुंच गए। उन्होंने ज्यादा इंतजार करने के बजाय नारियल फोड़कर पत्थर से लाल कपड़ा हटाकर औपचारिकता पूरी कर दी। दुड़ाराम के जाने के 10 मिनट देर बाद ही जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा भी वहां पहुंचे। उन्होंने भी पहले नारियल फोड़ा और फिर लाल कपड़ा हटाकर रेनोवेशन कार्य की विधिवत शुरुआत की। मगर दोनों के लिए ही नगरपालिका प्रधान प्रतिनिधि पंकज पसरीजा को अलग-अलग नारियल के प्रबंध करवाने पड़े। इस दौरान वाइस चेयरमैन नरेंद्र बागड़ी व पार्षद मौजूद रहे। जानिए… दोनों ने क्या-क्या कहा इस दौरान पूर्व विधायक दुड़ाराम ने कहा कि शहर को पहले की तरह बारिश के दौरान जलभराव से न जूझना पड़े, इसलिए प्रदेश सरकार द्वारा 31 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इस तालाब की खुदाई का टेंडर भी हुआ है। इस बार कोशिश रहेगी कि बारिश में गलियों में पानी जमा न हो और लोगों को किसी तरह की दिक्कत न झेलनी पड़ी। वहीं, जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि भूना शहर ने 2022 और 2025 में बाढ़ जैसे हालात झेले हैं। मगर अब सीएम नायब सैनी और नगरपालिका चेयरपर्सन अर्पणा पसरीजा के नेतृत्व में जल निकासी की व्यवस्थाएं की जा रही है। इस कार्य को बारिश के मौसम से पहले पूरा कर लिया जाएगा। इससे दोबारा किसी को कोई परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। पसरीजा बोले-दोनों नेताओं को एक साथ ही बुलाया था भूना नगरपालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि पंकज पसरीजा ने बताया कि पूर्व विधायक और जिलाध्यक्ष को रेनोवेशन कार्य के शुभारंभ पर एक साथ ही बुलाया था। मगर पांच-दस मिनट का ही फासला रहा था। बाद में दोनों ने हमारे घर एक साथ चाय पी थी। खींचतान जैसी कोई बात नहीं है।
Source link
