फरीदकोट जिले के गांव चैना की साधारण किसान परिवार से संबंध रखने वाली हरलीन शर्मा ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा के नतीजों में पूरे पंजाब में टॉप कर जिले और अपने स्कूल का नाम रोशन किया है। हरलीन शर्मा जैतो के सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा है। उसने 650 में से 646 अंक हासिल कर यह बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। हरलीन के पिता जसविंदर कुमार एक साधारण किसान हैं, जबकि माता रेनू बाला गृहिणी हैं। दो भाई-बहनों में बड़ी हरलीन को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी विशेष रुचि है। पंजाब में टॉप कर उसने अपने माता-पिता, स्कूल और इलाके का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर जहां परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं स्कूल प्रबंधन और अध्यापकों ने भी खुशी जाहिर की। हरलीन बोली- मां ने देखा है सपना इस मौके पर बातचीत करते हुए हरलीन शर्मा ने कहा कि वह पढ़-लिखकर जज बनना चाहती है। उसने बताया कि यह सपना उसकी माता ने देखा है, जिसे वह पूरा करना चाहती है। हरलीन ने अपनी सफलता का क्षेय स्कूल स्टाफ व अभिभावकों को दिया जिन्होंने हमेशा उसे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है। इस मौके पर स्कूल प्रिंसिपल कुसुम कालड़ा ने कहा कि इससे पहले भी आठवीं कक्षा के नतीजों में उनके स्कूल की छात्रा ने पंजाब में टॉप किया था और अब हरलीन शर्मा ने दसवीं कक्षा में टॉप कर शहर का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि पर पूरे स्कूल परिवार को गर्व है। फरीदकोट के 12 और बच्चों में मेरिट में नाम दर्ज करवाया हरलीन शर्मा के अलावा जिले के 12 अन्य विद्यार्थियों ने भी पंजाब की मेरिट सूची में अपना स्थान दर्ज करवाया है। इनमें संत मोहन दास स्कूल कोटसुखिया की रमनदीप कौर, गवर्नमेंट हाई स्कूल मोड़ के संदीप सिंह, सरकारी गर्ल्स स्कूल फरीदकोट की प्रभजोत कौर, संत मोहन दास स्कूल की हरमनप्रीत कौर, सरकारी गर्ल्स स्कूल पंजगराई कलां की जसमीन कौर, गवर्नमेंट हाई स्कूल मोड़ के संजीव,सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल जैतो की अवनीत कौर, इसी स्कूल की एकमदीप कौर तथा सरकारी गर्ल्स स्कूल पंजगराई कलां की खुशप्रीत कौर के नाम शामिल हैं।
Source link
