दुर्ग जिले के धमधा नगर में जनगणना ड्यूटी के दौरान सहायक शिक्षक से दुर्व्यवहार किया गया। शिक्षक ने होटल संचालक पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौच करने और जानकारी देने से इनकार करने का आरोप लगाते हुए धमधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता सहायक शिक्षक अशोक कुमार देवांगन धमधा के वार्ड क्रमांक 08, देवांगन पारा के निवासी हैं। वे प्राथमिक शाला तमेरपारा धमधा में पदस्थ हैं। भारत की जनगणना 2026-27 के तहत उनकी ड्यूटी नगर पंचायत धमधा के एचएलबी क्रमांक 09, वार्ड क्रमांक 07 में प्रगणक के रूप में लगाई गई है। शिक्षक ने अपनी शिकायत में बताया कि 12 मई 2026 की शाम लगभग 5:10 बजे वे शासकीय जनगणना कार्य के लिए भवन क्रमांक 470 पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने होटल संचालक संतोष पटेल से जनगणना संबंधी जानकारी मांगी। आरोप है कि संतोष पटेल ने जानकारी देने से इनकार कर दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें होटल से बाहर निकाल दिया। होटल संचालक पर गाली-गलौच और अभद्रता का आरोप अशोक कुमार के आवेदन के अनुसार होटल संचालक ने गाली-गलौच करते हुए कहा कि “तेरे से जनगणना कार्य नहीं करवाना है” और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर उन्हें बाहर जाने को कहा। शिक्षक ने बताया कि इस घटना से उन्हें मानसिक रूप से परेशानी हुई और असुरक्षा महसूस हुई। जनगणना कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्रवाई की मांग शिक्षक ने धमधा थाना प्रभारी से आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
वहीं, दुर्ग जिला शिक्षक संघ के अध्यक्ष शत्रुघ्न साहू ने जनगणना कार्य में लगे शिक्षक के साथ हुए दुर्व्यवहार की निंदा की है। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए आम जनता को सहयोग करना चाहिए। साथ ही प्रशासन से जनगणना कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि थाना धमधा क्षेत्र में जनगणना कार्य के दौरान एक होटल व्यवसायी और प्रगणक के बीच विवाद व गाली-गलौज की घटना सामने आई थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें नागरिकों को सहयोग करना चाहिए। शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने या जनगणना कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
