मुख्य बातें

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: पेट्रोल पंप पर पोस्टर- कार को ₹1500, बाइक-स्कूटी को ₹500 का ही तेल मिलेगा; कोर्ट में बेटी के गले लगकर रोए AAP मंत्री – Punjab News

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:  पेट्रोल पंप पर पोस्टर- कार को ₹1500, बाइक-स्कूटी को ₹500 का ही तेल मिलेगा; कोर्ट में बेटी के गले लगकर रोए AAP मंत्री – Punjab News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर AAP मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी रही। उन्हें 9 दिन के रिमांड के बाद कोर्ट ने जेल भेज दिया। कोर्ट में वह बेटी के गले लगकर रोते हुए नजर आए। अरविंद केजरीवाल ने उनका हौसला बढ़ाया।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. AAP मंत्री संजीव अरोड़ा को जेल, कोर्ट में बेटी के गले लगकर रोए

केंद्रीय जांच एजेंसी ED ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को सोमवार (18 मई) को गुरुग्राम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने अरोड़ा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उनकी अगली पेशी 1 जून को होगी। कोर्ट में पेशी के दौरान अरोड़ा की दाढ़ी बढ़ी हुई दिखी।

कोर्ट में परिवार से मिलकर वह इमोशनल हो गए। इस दौरान वह बेटी कृतिका अरोड़ा को गले लगाकर रोते हुए नजर आए। मंत्री अरोड़ा को 9 मई को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के केस में चंडीगढ़ से अरेस्ट किया था। जिसके बाद पहले 7 दिन, फिर 2 दिन का रिमांड लिया गया था।

संजीव अरोड़ा के वीडियो के सामने आने के बाद AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने लिखा- संजीव जी, आप बहादुर हो। देशभक्त हो। पूरे पंजाब को आप पर गर्व है (पढ़ें पूरी खबर)

2. 6 दिन हीटवेव का अलर्ट, टेंपरेचर 43 डिग्री पार, बारिश के नहीं आसार

पंजाब और चंडीगढ़ में 6 दिन लू चलेगी। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बठिंडा में तापमान 43.1 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, यानी बारिश के आसार नहीं हैं।

अगले चार दिनों में दिन के तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। इस साल मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है। हालांकि इसमें 4 दिन आगे-पीछे का फर्क हो सकता है।

इससे प्रदेश में मानसून 22 से 30 मई के बीच कभी भी दस्तक दे सकता है। साथ ही, एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान के ऊपर सक्रिय है। इसका असर आगे चलकर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ सकता है, जिससे कुछ इलाकों में आंधी, बारिश या तेज हवाएं चलने की संभावना बन सकती है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. BJP नेता बोले- सिख दंपती 4 बच्चे पैदा करें, तीसरे-चौथे बच्चे पर ₹30-₹40 हजार इनाम मिले

भाजपा के प्रदेश महासचिव व रिटायर्ड IAS अफसर जगमोहन राजू ने कहा कि पंजाब में हर सिख दंपती को कम से कम 4 बच्चे पैदा करने चाहिए। इसके बदले पंजाब सरकार को उन्हें 30 से 40 हजार रुपए का इनाम देना चाहिए। इसको लेकर राजू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेटर भी लिखा है।

उन्होंने सिखों की घटती आबादी पर चिंता जताते हुए AAP सरकार से आर्थिक प्रोत्साहन योजना लागू करने की मांग की है। राजू ने कहा कि पंजाब में भी आंध्र प्रदेश वाला 4 बच्चों का मॉडल लागू किया जाना चाहिए। साल 1991 में पंजाब की आबादी में सिखों का हिस्सा 62.95% था, जो 2011 की जनगणना में घटकर 57.69% रह गई है।

राजू से पहले सिखों के सर्वोच्च तख्त श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज भी इसकी पैरवी कर चुके हैं। जत्थेदार का कहना था कि सिर्फ एक बच्चा समझदारी नहीं है। 3-4 बच्चे होंगे, तभी रिश्तों में चाचा-ताया और बुआ-मासी जैसे संबंध बने रहेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

4. CM भगवंत मान बोले- PM मोदी ने अघोषित लॉकडाउन लगाया

CM भगवंत मान ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी ने देश में एक तरह से अघोषित लॉकडाउन लगा रखा है। वह खुद लोगों को विदेश यात्रा न करने तथा घर से काम करने की सलाह देकर खुद विदेश यात्रा पर निकल गए हैं। उन्हें अपने दोस्त डोनाल्ड ट्रंप से पूछकर देश को बताना चाहिए कि असल में हमारे देश की आर्थिक स्थिति और विदेश नीति क्या है।

सीएम मान परिवार समेत बिहार स्थित तख्त श्री पटना साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे। इस दौरान मान ने पंजाब के 6 राज्यसभा सांसदों के AAP छोड़ भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि पंजाब में BJP के 117 में से सिर्फ 2 विधायक हैं, फिर उनके पास छह राज्यसभा सांसद कैसे हो सकते हैं? बीजेपी को दूसरों की पार्टी तोड़ने और विधायक खरीदने का यह धंधा छोड़कर देश की समस्याओं की तरफ ध्यान देना चाहिए।

मान ने आगे कहा- SIR की प्रक्रिया हमारे यहां 15 जून से शुरू होगी। हमने अपने वॉलंटियर्स को स्पष्ट कहा है कि हम पंजाब में ऐसा नहीं होने देंगे, जहां असली वोट काट दिए जाएं और नकली वोट बना लिए जाएं। (पढ़ें पूरी खबर)

5. फरीदकोट: BCA छात्र ने एग्जाम से पहले सुसाइड किया, दरवाजा तोड़कर लाश बाहर निकाली

फरीदकोट में BCA के छात्र ने एग्जाम से पहले सुसाइड कर लिया। वह किराए के कमरे में रहता था। सुबह जब उसने अपने परिजनों के फोन कॉल का जवाब नहीं दिया तो परिवार ने मकान मालिक से संपर्क किया। इसके बाद जब मकान मालिक ने कमरे में देखा तो उसकी लाश फंदे पर लटकी थी।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद दरवाजा तोड़कर उसकी लाश को बाहर निकाला गया है। मृतक की पहचान फाजिल्का के आदर्श नगर के रहने वाले 22 वर्षीय निपुण के रूप में हुई है। वह कोटकपूरा के शहीद भगत सिंह सरकारी कॉलेज में बीसीए फर्स्ट ईयर का छात्र था।

मकान मालिक जतिंदर सिंह के अनुसार सोमवार सुबह निपुण के बड़े भाई का फोन आया। उन्होंने बताया कि निपुण लगातार कॉल करने के बावजूद फोन नहीं उठा रहा है। इसके बाद मकान मालिक उसके कमरे में पहुंचे, जहां दरवाजा अंदर से बंद मिला (पढ़ें पूरी खबर)

6. चंडीगढ़: कुंडी खुली मिलते ही गर्ल्स PG में घुसने वाला गिरफ्तार

चंडीगढ़ में साइकिल पर घूमकर युवतियों को निशाना बना रहे सिरफिरे आशिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह देर रात और अलसुबह अलग-अलग सेक्टरों में घूमकर छात्राओं और कामकाजी युवतियों के पीजी व किराए के कमरों की रेकी करता था।

आरोपी खुली कुंडी और कमजोर सुरक्षा वाले घरों में चुपचाप घुस जाता था। इसके बाद चाकू की नोक पर छेड़छाड़ की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने कई टीमों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। आखिरकार रविवार देर रात सेक्टर-15 स्थित गर्ल्स पीजी के पास संदिग्ध हालत में घूमते हुए उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार पहली वारदात 13 मई की रात सेक्टर-16 में हुई थी। आरोपी एक पीजी में घुसा और वहां रह रही युवती के साथ चाकू की नोक पर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने युवती पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। लेकिन शोर मचने पर वह फरार हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)

7. लुधियाना: सब्जी विक्रेता निकला ₹1 करोड़ ठगी का मास्टरमाइंड

लुधियाना में 1 करोड़ रुपए से ज्यादा के इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड नेटवर्क का मास्टरमाइंड सब्जी बेचने वाला निकला। उसका पिता भी सब्जी बेचता है। पुलिस जांच के मुताबिक मास्टरमाइंड दिन में सब्जियां बेचता और रात को साइबर फ्रॉड सेंटर चलाता था।

पुलिस ने इस मास्टरमाइंड समेत 140 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी अमेरिका और यूरोप के लोगों को माइक्रोसॉफ्ट के नाम पर फर्जी वायरस अलर्ट भेजकर ठगी करते थे। पुलिस ने इस नेटवर्क से 1.07 करोड़ रुपए कैश, 98 लैपटॉप, 229 मोबाइल, 19 लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं। इसके साथ 300 से ज्यादा बैंक खाते फ्रीज किए हैं।

पुलिस ने जब सब्जी विक्रेता मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया तो पहले वह पुलिस को बातों में उलझाता रहा। लेकिन सख्ती से पूछताछ में पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। यह भी पता चला कि उसकी सब्जी की दुकान पुलिस थाने के नजदीक थी और उसका हाल देखकर कोई नहीं कह सकता था कि वह इतना बड़ा नेटवर्क चला रहा है (पढ़ें पूरी खबर)

8. तरनतारन: ज्वेलर के घर और दुकान पर ED की रेड

ED की टीम ने तरनतारन में ज्वेलर के घर और दुकान पर रेड की है। यह रेड बैंक में बड़े लेन-देन से जुड़े मामले में की गई। ED की टीम सुबह करीब 11 बजे एक साथ इन स्थानों पर पहुंची और परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी। उनके बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक कुलवंत सिंह नाम के ज्वेलर गुरू की खूह के रहने वाले हैं। उनके बैंक खाते से कोई बड़ी ट्रांजेक्शन हुई थी। जिसका इनपुट मिलने के बाद यह कार्रवाई हुई। इस दौरान जांच के लिए निजी बैंक के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल ED ने इस बारे में कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी है (पढ़ें पूरी खबर)

9. पेट्रोल पंप पर पोस्टर, कार को ₹1500, बाइक-स्कूटी को ₹500 का ही पेट्रोल-डीजल मिलेगा

चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल को लेकर लगाए गए पोस्टरों से हड़कंप मच गया। सेक्टर-17 के एक पेट्रोल पंप एचजी पेट्रो केयर पर टू-व्हीलर के लिए ₹500 और फोर-व्हीलर के लिए ₹1500 की लिमिट के नोटिस लगा दिए गए। पंप के मुलाजिम उजगार सिंह ने बताया कि हमारे पास पीछे से पेट्रोल की सप्लाई कम आ रही है।

लोगों को कोई दिक्कत न आए, इसके चलते पेट्रोल पंप पर इस बारे में नोटिस लगा दिया गया है। सुबह से ही उसी हिसाब से पेट्रोल और डीजल लोगों को मुहैया करवाया गया। पोस्टर सामने आते ही शहर में पेट्रोल संकट और सप्लाई कम होने की चर्चा तेज हो गई।

हालांकि प्रशासन तुरंत हरकत में आया और साफ किया कि ऐसी कोई आधिकारिक लिमिट लागू नहीं की गई है। DC निशांत यादव ने बयान देकर कहा कि पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर कोई रोक या सीमा तय नहीं है। ऑयल कंपनियों ने भी पर्याप्त स्टॉक और सामान्य सप्लाई की पुष्टि की है। पोस्टर हटवा दिए हैं (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. कॉन्स्टेबल ने QR कोड से रिश्वत ली, रेहड़ी वाले के गूगल-पे में ट्रांसफर कराए

लुधियाना में ऑन-ड्यूटी ट्रैफिक पुलिसकर्मी की रिश्वतखोरी का अनोखा वीडियो सामने आया है। मामला शहर के सबसे व्यस्त जालंधर बाईपास चौक का है, जहां एक ट्रैफिक कॉन्स्टेबल ऑटो ड्राइवर को चालान का डर दिखाकर खुलेआम सौदेबाजी करता दिखाई दे रहा है।

कॉन्स्टेबल के साथ मौके पर ASI भी खड़ा था। वीडियो में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रिश्वत की रकम कैश में नहीं, बल्कि पास के एक रेहड़ी वाले के QR कोड के जरिए ट्रांसफर करवाई गई, ताकि सीधे लेन-देन का कोई सबूत न रहे। चाय की चुस्कियों के बीच हुई इस डील में पहले ₹500 की मांग की गई। लेकिन बाद में मामला ₹300 में तय हो गया।

पुलिसकर्मी के इशारे पर रेहड़ी वाला अपना अकाउंट चेक करता है और पैसे ट्रांसफर होने की पुष्टि खुद दुकानदार करता है। वहीं भास्कर रेहड़ी वाले तक पहुंचा तो वह पैसे लेने से मुकर गया और कहा कि ये पुराना वीडियो है। उधर, ACP जतिन बंसल ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। रेहड़ी वाले को बुलकार पूछताछ करेंगे, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी (पढ़ें पूरी खबर)

(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *