सोनीपत नगर निगम चुनाव की रंजिश अब हिंसक विवाद में बदलती नजर आ रही है। नगर निगम के वार्ड नंबर-6 और मुरथल क्षेत्र के शांति नगर में कांग्रेस प्रत्याशी को चुनाव के दौरान वोट न देने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हमला करने के आरोप लगाए हैं। विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे और कई लोग घायल हो गए। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट साफ दिखाई दे रही है। मामले को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। वहीं विवाद के पीछे चुनावी रंजिश के साथ-साथ पुराना जमीन विवाद भी बताया जा रहा है। वोट न देने पर रंजिश रखने के आरोप
मुरथल के शांति नगर निवासी प्रवीण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर-6 से सोनिया पत्नी रवि कांग्रेस पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ रही थीं, जबकि बीजेपी की तरफ से निशा मैदान में थीं। प्रवीण का कहना है कि उन्होंने लोकतंत्र के तहत अपनी इच्छा से बीजेपी प्रत्याशी को वोट दिया था। इसी बात को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी सोनिया के पति रवि कश्यप उनके परिवार से रंजिश रखने लगा।
प्रवीण के अनुसार चुनाव में हार के बाद रवि लगातार उनके परिवार को निशाना बना रहा था। उसने आरोप लगाया कि रवि यह कहता था कि पड़ोसी और बिरादरी के होने के बावजूद उन्होंने वोट नहीं दिया और गद्दारी की है।
व्हाट्सएप ग्रुप में ‘गद्दार’ बताने का आरोप
प्रवीण ने बताया कि “MC सोनिया वाइफ वार्ड नंबर 6 कांग्रेस प्रत्याशी सोनिया” नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बना हुआ है, जिसका एडमिन रवि कश्यप है। आरोप है कि इसी ग्रुप में रवि ने उसके परिवार के लोगों को “कांग्रेस का गद्दार” बताते हुए समाज से बाहर निकालने जैसी बातें लिखीं। शिकायत में कहा गया है कि पोस्ट में लिखा गया कि “अंग्रेजी उर्फ कर्मवीर कश्यप कांग्रेस पार्टी में होने का दिखावा करता है। वह कांग्रेस पार्टी का सबसे बड़ा गद्दार है और इसका रिजल्ट भी दूंगा। सारे सबूत मेरे पास हैं।” इसी पोस्ट के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और विवाद शुरू हो गया। रास्ते में रोककर मारपीट करने का आरोप प्रवीण ने आरोप लगाया कि रविवार शाम करीब छह बजे उसके मामा काम से वापस अपने घर शांति नगर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में रवि और उसके साथियों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट की।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद सोमवार सुबह उसकी पत्नी पुलिस थाना में शिकायत देने जा रही थी, तभी दोबारा उनके परिवार पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि चुनाव में वोट न देने की रंजिश के चलते परिवार के लोगों को निशाना बनाया गया। महिला समेत कई लोग घायल
हमले में अनीता नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं प्रवीण के मामा श्रीकृष्ण, ईशान और सरोज समेत कई अन्य लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्रवीण का कहना है कि उसकी पत्नी के सिर पर डंडों से हमला किया गया। उसने यह भी कहा कि हमले के दौरान उसने अपने बचाव में भी मारपीट की। 15 साल पुराना जमीन विवाद भी आया सामने प्रवीण ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच करीब 15 साल से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इस मामले में मंगलवार को कोर्ट में तारीख भी लगी हुई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कोर्ट का फैसला उनके पक्ष में जाने की संभावना को देखते हुए भी विरोधी पक्ष ने हमला किया है। उसने आरोप लगाया कि चुनावी रंजिश और जमीन विवाद दोनों कारणों से उनके परिवार को निशाना बनाया गया। “40 लाख रुपए खर्च किए, फिर भी वोट नहीं दिया” प्रवीण के मुताबिक रवि बार-बार यह कह रहा था कि उसने चुनाव में करीब 40 लाख रुपए खर्च किए हैं, लेकिन पड़ोस और बिरादरी के बावजूद उन्हें वोट नहीं मिला। इसी बात को लेकर वह लगातार नाराज था और परिवार को गद्दार बता रहा था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मारपीट का वीडियो
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। कई युवक हाथों में लाठी-डंडे लिए नजर आ रहे हैं और एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान गाली-गलौज भी हो रही है।
प्रवीण का आरोप है कि रवि ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके परिवार पर हमला करवाया और पूरे घटनाक्रम की वीडियो भी बनाई गई है। पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
