फलोदी जिला कांग्रेस कमेटी ने आज दोपहर महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जन समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से आम आदमी के घरेलू बजट पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि के कारण दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे सब्जियां, फल और किराना सामग्री जैसी चीजें आमजन की पहुंच से दूर होती जा रही हैं। कांग्रेस ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं को पर्याप्त रोजगार न मिलने के कारण सामाजिक व्यवस्था पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी और नीट परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने जैसे विभिन्न मुद्दों को भी उठाया गया। ज्ञापन में फलोदी जिला मुख्यालय पर शहर की नियमित सफाई, व्यवस्थित जल निकासी और सीवरेज प्रबंधन की मांग की गई। इसके साथ ही आसपास के गांवों में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी अपील की गई। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे आंदोलन करेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस नेता प्रकाश छंगाणी, ब्लॉक अध्यक्ष इलमदीन मेहर, संगठन महासचिव शीशपाल विश्नोई, नीरू परिहार, जयप्रकाश पुरोहित, नटवरलाल पंवार, अशोक व्यास, कंवर लाल माली, वल्लभ लखेश्री, संतोष लखन, मौलवी कासम, मो. सदीक कोयरी, महेश माली, जाकिर खिल्जी, ललित चांडा, चेतनराम, हेदर खां, भंवरलाल मेघवाल, अलादीन, अब्दुल हकीम और भंवरलाल सांसी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
