मुख्य बातें

आज का एक्सप्लेनर: क्या रणवीर सिंह अब वाकई फिल्में नहीं कर पाएंगे; डॉन-3 को लेकर फरहान से किस बात का झगड़ा, जिससे FWICE ने लगाया बैन

आज का एक्सप्लेनर:  क्या रणवीर सिंह अब वाकई फिल्में नहीं कर पाएंगे; डॉन-3 को लेकर फरहान से किस बात का झगड़ा, जिससे FWICE ने लगाया बैन


अगस्त 2023 में डॉन-3 का टीजर रिलीज हुआ। अमिताभ बच्चन, शाहरूख खान के बाद फ्रेंचाइजी में रणवीर सिंह की एंट्री सुर्खियों में आ गई। इसके बाद एक लंबी खामोशी का दौर। न शूटिंग की तारीख, न फाइनल कास्ट और न कोई रिलीज डेट।

.

करीब 3 साल बाद 25 मई को अचानक खबर आई कि फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलॉइज यानी FWICE ने डॉन-3 छोड़ने और नोटिस का जवाब न देने पर रणवीर सिंह पर बैन लगा दिया है।

क्या वाकई रणवीर अब फिल्मों में काम नहीं कर पाएंगे, डॉन-3 का पूरा झगड़ा क्या है और आगे क्या होगा; जानेंगे आज के एक्सप्लेनर में…

सवाल-1: डॉन-3 को लेकर रणवीर सिंह का झगड़ा क्या है?

जवाब: 2006 की डॉन और 2011 की डॉन-2 के हीरो शाहरुख थे। डॉन फ्रेंचाइज की तीसरी फिल्म को लीड करने वाले थे रणवीर सिंह। इसके राइटर-डायरेक्टर थे फरहान अख्तर। उन्हीं का प्रोडक्शन हाउस ‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’ इसे बना रहा था।

अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, रणवीर को फिल्म में साइन करने के लिए 10 करोड़ रुपए का साइनिंग अमाउंट भी मिला था। फिल्म में रणवीर सिंह के अपोजिट पहले कियारा आडवाणी को कास्ट किया गया, लेकिन प्रेग्नेंसी के चलते कियारा ने फिल्म छोड़ दी, जिसके बाद कृति सेनन को कास्ट करने की खबरें आईं।

फिल्म डॉन-3 का टीजर अगस्त 2023 में रिलीज किया गया था। इसे अब तक 1 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

2025 में डॉन-3 की शूटिंग शुरू होनी थी, लेकिन फिर अचानक रणवीर ने फिल्म छोड़ दी। इसके पीछे 3 वजहें बताई जा रही हैं…

1. फिल्म में लगातार देरीः एनाउंसमेंट के सालों बाद भी फिल्म की कोई फाइनल स्क्रिप्ट नहीं थी और कहानी के कई पहलू उलझे हुए थे। रणवीर प्रोडक्शन की तरफ से इस देरी पर नाराज हुए। फिर वो धुरंधर की शूटिंग में व्यस्त हो गए। जबकि फरहान का कहना था कि स्क्रिप्ट कई फेज में तैयार हुई और रणवीर से शेयर की गई, उन्होंने बिना किसी आपत्ति के हर ड्राफ्ट को मंजूरी दी थी।

2. रणवीर का क्रिएटिव दखलः फिल्म मेकर्स का ये भी आरोप है कि रणवीर फिल्म की स्क्रिप्ट में दखल दे रहे थे। वो डॉन का एक सीरियस और एग्रेसिव वर्जन बनाना चाहते थे। उनकी मांग थी कि फिल्म में गाली-गलौज, धारदार एक्शन और ज्यादा हिंसक सीन होने चाहिए। जबकि फरहान चाहते थे कि पिछली दोनों फिल्मों में जिस तरह की रियलिस्टिक कहानी थी, ये भी उसके करीब ही रहे। वो रणवीर की मांग पर राजी नहीं हुए।

3. रणवीर को निकालने की चर्चाः ये भी खबरें आईं कि रणवीर सिंह मुश्किल दौर से गुजर रहे थे। उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म नहीं कर रही थीं। इसलिए फरहान उनके अलावा किसी और एक्टर को शामिल करने की सोच रहे थे। जब रणवीर को ये पता चला, तो विवाद और बढ़ गया और उन्होंने फिल्म छोड़ने का ऐलान कर दिया।

दिसंबर 2025 में धुरंधर का पहला पार्ट रिलीज होने के बाद ‘मिडडे’ अखबार में दावा किया गया कि रणवीर ने फिल्म छोड़ दी है और वो जल्द ही फिल्म का साइनिंग अमाउंट लौटा देंगे।

इधर, मेकर्स पहले ही फिल्म के प्री-प्रोडक्शन और बाकी चीजों पर करीब 40 करोड़ रुपए खर्च कर चुके थे। फरहान ने प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया में शिकायत की और रणवीर से 45 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की।

एक्टर आमिर खान ने भी इस विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। प्रोड्यूसर गिल्ड ने दोनों को सुलह का समय भी दिया, लेकिन कोई हल नहीं निकला।

इसके बाद 11 अप्रैल 2026 को फरहान अख्तर ने इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन यानी IFTDA में शिकायत की। IFTDA से ये मामला FWICE के पास पहुंचा।

FWICE के मुताबिक, रणवीर से कई बार फेडरेशन के सामने पेश होने और अपना पक्ष रखने को कहा, लेकिन उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया।

FWICE के मुताबिक, रणवीर से कई बार फेडरेशन के सामने पेश होने और अपना पक्ष रखने को कहा, लेकिन उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया।

सवाल-2: FWICE ने रणवीर सिंह पर बैन क्यों लगाया?

जवाब: फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े वर्कर्स और कलाकारों के हितों के लिए काम करने वाली सबसे बड़ी संस्था है। ये फिल्मों और टीवी शोज में वर्कर्स के पेमेंट और अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है।

FWICE द्वारा जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि फरहान अख्तर ने अपनी शिकायत में कहा कि रणवीर के अचानक फिल्म छोड़ देने से आर्थिक नुकसान होगा और फिल्म के प्रोडक्शन पर भी असर पड़ेगा। इस तरह फिल्म छोड़कर जाना स्वीकार्य नहीं है। साथ ही इंडस्ट्री की नीतियों और प्रोफेशनल नियमों के खिलाफ है।

फेडरेशन के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने कहा, ‘ रणवीर को 22 अप्रैल, 30 अप्रैल और 13 मई 2026 को रिमाइंडर भेजे। रणवीर सिंह का जवाब आया कि शिकायत करने वाले लोगों की समस्याओं का हल निकालने के लिए FWICE सही मंच नहीं है।’

इसके बाद 25 मई 2026 को FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ बैन लगाने का फैसला लिया। ये बैन एक नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव है, यानी FWICE ने एक्टर्स, डायरेक्टर्स, प्रोड्यूसर्स, कैमरामैन, टेक्नीशियंस जैसे बॉलीवुड से जुड़े लोगों को निर्देश दिया है कि कोई रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेगा।

सवाल-3: तो क्या अब रणवीर बॉलीवुड फिल्मों में काम नहीं कर पाएंगे?

जवाब: FWICE ट्रेड यूनियन एक्ट के तहत रजिस्टर्ड ट्रेड यूनियन फेडरेशन है। कोई यूनियन कानूनी तौर पर किसी व्यक्ति के खिलाफ नॉन-कोऑपरेटिव निर्देश जारी कर सकता है।

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने 2017 में एक केस की सुनवाई के दौरान कहा था, ‘FWICE को क्रू और टेक्नीशियंस की मांग उठाने वाला संगठन कहा जा सकता है, न कि संसद द्वारा बनाया गया कोई नियामक निकाय यानी रेगुलेटरी बॉडी।

हालांकि, FWICE फिल्म इंडस्ट्री के कामकाजी माहौल को नियंत्रित करने की बड़ी ताकत रखता है।

FWICE के जनरल सेक्रेटरी अशोक दुबे के मुताबिक जब तक विवाद नहीं सुलझता, तब तक फेडरेशन का कोई भी मेंबर रणवीर के साथ काम नहीं करेगा। कैमरामैन, स्पॉट बॉय और लाइट टेक्नीशियन कोई भी नहीं।

इंडस्ट्री के करीब 90% लोग, FWICE के किसी न किसी एसोसिएशन के मेंबर हैं। अगर ये मेंबर रणवीर के साथ काम करने से मना कर दें, तो उनकी अपकमिंग फिल्मों की शूटिंग रुक सकती है।

रणवीर 3-4 बहुत बड़े बजट की फिल्में कर रहे हैं। इसमें शाहरुख खान के साथ ‘किंग’, डायरेक्टर जय मेहता के साथ प्रलय, कियारा अडवाणी के साथ एक फिल्म और धुरंधर के डायरेक्टर आदित्य धर के साथ भी एक बड़ा प्रोजेक्ट शामिल है।

इन फिल्मों के मेकर्स को प्रोजेक्ट्स आगे बढ़ाने के लिए फेडरेशन से मंजूरी लेनी पड़ सकती है। यानी रणवीर के लीड रोल वाली ये फिल्में लटक भी सकती हैं।

FWICE के बैन के बाद रणवीर 26 मई की रात मुंबई एयरपोर्ट पर दिखे। वे चेहरे पर मास्क और सनग्लासेज लगाए हुए थे। उन्होंने मीडिया के सवालों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

FWICE के बैन के बाद रणवीर 26 मई की रात मुंबई एयरपोर्ट पर दिखे। वे चेहरे पर मास्क और सनग्लासेज लगाए हुए थे। उन्होंने मीडिया के सवालों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

सवाल-4: इससे पहले FWICE ने ऐसे बैन लगाए, तब क्या हुआ?

जवाब: FWICE अपनी बातें मनवा लेता है। 4 मामले-

1. सलमान खान: दबाव में पाकिस्तानी सिंगर आतिफ का गाना हटाया

  • 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के बाद, ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन, यानी AICWA ने पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन की घोषणा की।
  • तब सलमान अपने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले फिल्म ‘नोटबुक’ बना रहे थे, जिसके लिए पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम पहले ही एक गाना रिकॉर्ड कर चुके थे।
  • FWICE ने गाना दोबारा किसी भारतीय सिंगर से रिकॉर्ड करवाने का दबाव बनाया, जिसके बाद सलमान ने फिल्म से गाना ही हटा दिया।

2. मीका सिंह: पाक में मुशर्रफ के रिलेटिव के यहां गाना गया, माफी के बाद बैन हटा

  • अगस्त 2019 में सिंगर मीका सिंह कराची में हुई एक शादी में परफॉर्म करने गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये कार्यक्रम पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के रिश्तेदार के यहां था।
  • FWICE ने मीका पर बैन लगा दिया। मीका को कहना पड़ा, ‘पाकिस्तान में परफॉर्म करने की मेरी टाइमिंग गलत थी, मुझे अपनी गलती का पछतावा है।’ माफीनामे के बाद मीका से बैन हटा लिया गया।
मामले के बाद मीका सिंह, FWICE प्रेसिडेंट BN तिवारी (बीच में) और IFTDA प्रेसिडेंट अशोक पंडित (दाएं) से मिले थे। तीनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसके बाद बैन हटा दिया गया था।

मामले के बाद मीका सिंह, FWICE प्रेसिडेंट BN तिवारी (बीच में) और IFTDA प्रेसिडेंट अशोक पंडित (दाएं) से मिले थे। तीनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसके बाद बैन हटा दिया गया था।

3. दिलजीत दोसांझ: 2 बार बैन हुए, भारत में फिल्म रिलीज नहीं हो पाई

  • 2019 में FWICE ने दिलजीत को नोटिस भेजकर अमेरिका के ह्यूस्टन शहर के इवेंट में परफॉर्म करने से मना किया, क्योंकि इसे रेहान सिद्दीकी नाम का एक पाकिस्तानी नागरिक प्रमोट कर रहा है।
  • FWICE ने विदेश मंत्रालय से दिलजीत का वीजा रद्द करने की मांग भी की। दिलजीत को अपना शो कैंसल करना पड़ा।
  • 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद दिलजीत फिल्म ‘सरदार जी 3’ के ट्रेलर में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ दिखे।
  • FWICE ने दिलजीत पर बैन लगाने की चेतावनी दी। नतीजतन फिल्म भारत में रिलीज नहीं हुई।
  • FWICE ने दिलजीत को उनकी अगली फिल्म बॉर्डर-2 से भी हटाने की भी मांग उठाई। हालांकि, फिल्म के प्रोड्यूसर भूषण कुमार की सिफारिश के बाद मामला शांत हो गया।
फिल्म सरदार-3 में एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ दिखे थे। FWICE के नोटिस के बाद फिल्म भारत में रिलीज नहीं हो पाई।

फिल्म सरदार-3 में एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ दिखे थे। FWICE के नोटिस के बाद फिल्म भारत में रिलीज नहीं हो पाई।

4. फिरोज नाडियाडवाला: डायरेक्टर, क्रू मेंबर्स का 8 साल पुराना बकाया चुकाना पड़ा

  • ‘हेरा फेरी’, ‘वेलकम’ और ‘आवारा पागल दीवाना’ जैसी फिल्मों के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला ने 2015 में फिल्म ‘वेलकम बैक’ के बाद डायरेक्टर अनीस बज्मी और क्रू मेंबर्स की पूरी फीस नहीं चुकाई।
  • इस पर FWICE ने नोटिस जारी किया था। 8 साल बाद 2023 में क्रू मेंबर्स को फिरोज की फिल्म ‘वेलकम टू जंगल’ से हटने का निर्देश दिया गया।
  • फिल्म की शूटिंग लेट होने लगी, तो नाडियाडवाला को बकाया पैसे चुकाने पड़े, इसके बाद बैन हटा।

इसके अलावा 2017 में FWICE के बैनर टेल ढाई लाख वर्कर्स ने क्रू मेंबर्स की सैलरी बढ़ाने, शिफ्ट टाइमिंग और इंश्योरेंस जैसे मुद्दों पर हड़ताल की थी, जिससे अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की शूटिंग रोकनी पड़ गई थी। इससे ‘पद्मावत’, ‘परमाणु’ और ‘जीरो’ जैसी फिल्मों की शूटिंग लेट हुई थी।

सवाल-5: रणवीर के पास आगे क्या रास्ता है?

जवाब: रणवीर ने इसे कांट्रैक्ट से जुड़ा मामला बताया है और कोर्ट जाने की बात कही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर ने FWICE को सीधे अपना जवाब भेजकर कहा, ‘FWICE इस शिकायत के लिए सही फोरम नहीं है। जो मुद्दा उठाया गया है, वो कांट्रैक्ट से जुड़ा हुआ है और इसके लिए कोर्ट या उचित कानूनी फोरम की जरूरत पड़ सकती है।’

अगर रणवीर कोर्ट जाते हैं, तो ये उनके और फरहान के प्रोडक्शन हाउस के बीच का कानूनी मामला हो जाएगा। इसमें कांट्रैक्ट और एग्रीमेंट के कानून के मुताबिक, कोर्ट ही कोई फैसला ले सकता है।

एक्सपर्ट्स मानते हैं कि FWICE के पास रणवीर को फिल्मों में काम करने से रोकने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। ये विवाद अब मीडिया के सामने है, इसीलिए इसे बातचीत से सुलझा लिया जाएगा।

दैनिक भास्कर के बॉलीवुड रिपोर्टर अमित कर्ण के मुताबिक, ‘रणवीर बड़े एक्टर हैं, उनके पास कई बड़े फिल्म स्टूडियोज का सपोर्ट है। उनके लिए इस विवाद को सुलझाना ज्यादा मुश्किल नहीं होगा। दोनों पक्ष किसी नतीजे पर पहुंचना चाहेंगे। रणवीर की फिल्म में वापसी भी हो सकती है।’

जाने-माने फिल्म क्रिटिक और ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श बताते हैं, ‘मुझे लगता है कि फिल्म प्रोड्यूसर फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी और रणवीर सिंह को आमने-सामने बैठकर विवाद सुलझा लेना चाहिए। 80-90 के दशक में भी ऐसे कई विवाद होते थे, आज भी होते हैं, लेकिन बातचीत से उनका हल निकाल लिया जाता है।’

*****

रिसर्च सहयोग – प्रथमेश व्यास ———————————————————–

ये खबर भी पढ़ें…

क्या थलापति विजय से जलते हैं रजनीकांत; कहां से उठी सीएम बनने में अड़ंगा लगाने की बात, पूरी कहानी जानिए

17 मई की शाम। थलाइवा रजनीकांत ने चेन्नई के पोएस गार्डेन स्थित अपने घर पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। सफाई देते हुए कहा- मैं विजय को तब से देख रहा हूं, जब वो बच्चे थे। उनके सीएम बनने से मुझे क्यों जलन होगी। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *