बलौदाबाजार में बाइक सवार तीन युवकों का गिरोह राहगीरों को लूटकर उनके पैरों में चाकू घोंप रहा है। गुरुवार को महज आधे घंटे के अंतराल में दो युवकों के साथ ऐसी ही वारदात हुई। यह एक सप्ताह में इस तरह की तीसरी घटना है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। मामल
.
पहली घटना दोपहर करीब 2:30 बजे खोरसी नाला टेमरी मोड़ पर हुई। राधेश्याम नवरंगे (34) बस का इंतजार कर रहे थे, तभी तीन बाइक सवार युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उनसे 7 हजार रुपए और मोबाइल लूट लिया। इसके बावजूद उन्होंने राधेश्याम को पेट में चाकू मारने की धमकी दी।
700 रुपए लूटे और पैर में चाकू घोंपा
राधेश्याम के गिड़गिड़ाने पर आरोपियों ने उनके दोनों पैरों की जांघ में तीन बार चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गए। इसके मात्र आधे घंटे बाद करीब 3 बजे घोटिया मोड़ पर जीवन बघेल (33) अपनी बाइक से जा रहे थे। उन्हीं तीन युवकों ने उन्हें रोककर 700 रुपए लूटे और पैर में तीन बार चाकू घोंपकर भाग निकले।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दोनों घायलों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी हेमंत पटेल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और गवाहों से पूछताछ जारी है। लूट के बाद भी चाकू मारने का तरीका बताता है कि आरोपी साइको हो सकते हैं या नशे की हालत में ऐसा कर रहे हैं।

घायलों से मिलने विधायक संदीप साहू
स्थानीय विधायक संदीप साहू ने घायलों से अस्पताल में मुलाकात की और पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही। दोनों घायल युवकों का पलारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पहले पीड़ित ने बताया कि मुख्य आरोपी के गले पर टैटू है। पुलिस ने लोगों से ऐसी कोई भी घटना होने पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराने की अपील की है।

