हरियाणा के हिसार में हुड़दंग का विरोध करने पर एक सब इंस्पेक्टर की ईंट और डंडों से पीट- पीटकर हत्या कर दी। वारदात गुरुवार रात 11:30 बजे हुई। वारदात के बाद आरोपी मौके पर कार और 2 दोपहिया वाहन छोड़कर भाग गए।
.
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि गली के बाहर कुछ युवक हुड़दंग कर रहे थे। शोर शराबा सुनकर एसआई घर से बाहर निकले और युवकों को रोक कर भगा दिया।
कुछ देर बाद युवक दोबारा वापस आए और एसआई की लाठी-डंडों से वार कर हत्या कर दी। फिलहाल, पुलिस ने आरोपियों के वाहनों को कब्जे में ले लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई है, जो लगातार दबिश दे रही है।
उधर, अचानक हुई इस वारदात से परिवार में दहशत है। बताया गया है कि एसआई एडीजीपी ऑफिस में तैनात थे और उनकी अगले साल जनवरी में ही रिटायरमेंट होनी थी।
हिसार का नई सब्जी मंडी इलाका, जहां एसआई की हत्या की गई।
यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…
- एडीजीपी ऑफिस में 10 साल से तैनात थे : मृतक की पहचान 57 वर्षीय सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार के रूप में हुई। वे एडीजीपी ऑफिस में 10 साल से तैनात थे और ढाणी श्यामलाल की गली नंबर-3 में परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार के कई अन्य लोग भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।
- रात साढ़े 10 बजे हुड़दंग हो रहा था : परिवार के मुताबिक गुरुवार की रात 10:30 बजे कुछ युवक हुड़दंग और गाली गलौज कर रहे थे। उस वक्त रमेश कुमार भी घर पर ही थे। शोर शराबा होने पर रमेश घर से बाहर निकले और युवकों को डांट लगाते हुए हुड़दंग करने से रोका। रमेश की डांट सुनकर युवक वहां से चल गए।
- एक घंटे बाद फिर आए युवक : परिवार के मुताबिक, एक घंटे बाद युवक कार और दोपहिया वाहनों से दोबारा वापस आए और रमेश के घर के सामने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। रमेश एक बार फिर घर से बाहर निकले और युवकों को रोका तो उन्होंने डंडों-ईंटों से उन पर हमला कर दिया। रमेश घायल होकर गिर गए।
- मौके पर मौत, आरोपी हुए फरार : चीख पुकार सुनकर परिवार के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से भाग गए। भागते वक्त हमलावर अपनी कार और 2 दोपहिया वाहन मौके पर ही छोड़ गए। लोगों ने हमलावरों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में कामयाब हो गए। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने रमेश कुमार को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनों के बयान के आधार पर होगी कार्रवाई नई सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज राजबाला ने कहा कि परिजनों के बयान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवाया है। आरोपियों की तलाश करने के लिए पुलिस जुटी हुई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। बता दें करीब 57 वर्षीय सब इंस्पेक्टर रमेश की जनवरी में रिटायरमेंट होनी थी।
