गोंडा जिले के इटियाथोक बाजार में परमजीत सिंह ठेकेदार के मैरिज हॉल के गोदाम में भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में पांच तारकोल ड्रम और कई प्लास्टिक ड्रम जलकर राख हो गए, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यह घटना इटियाथोक कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हुई। आग लगने के बाद देखते ही देखते यह पास रखे अन्य चार तारकोल ड्रमों तक फैल गई और फिर इसने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से मैरिज हॉल के अंदर रखा अन्य सामान भी जल गया। बताया गया है कि परमजीत सिंह लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार हैं। उन्होंने एक साल पहले मैरिज हॉल का निर्माण कराया था, लेकिन व्यवसाय न चलने के कारण इसे बंद कर दिया था और इसे अपने स्टोर रूम के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे। इसी स्टोर रूम में सड़क निर्माण के लिए रखे पांच तारकोल के ड्रम मौजूद थे। दोपहर करीब 3 बजे अचानक तेज धुआं उठता देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग लगने की सूचना परमजीत सिंह को दी। इसके बाद परमजीत सिंह अपने लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। इटियाथोक कोतवाल कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने पुष्टि की कि 4-5 तारकोल के ड्रम और कई प्लास्टिक ड्रम पूरी तरह जल गए हैं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। परमजीत सिंह द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। समय रहते आग बुझा लिया गया है अन्यथा की स्थिति में अगर आसपास आबादी में आग फैल जाती तो बड़ी घटना हो सकती थी।
Source link
