![]()
हरियाणा के पंचकूला में 2 मंदिरों में चोरी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रातुल उर्फ पीगलु, उम्र 33 वर्ष, निवासी मॉडल टाउन पिंजौर और मलकीत उर्फ गांधी, उम्र 24 वर्ष, निवासी रायपुररानी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए 45 रुपए कैश और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 21 और 22 अप्रैल की दरम्यानी रात को बीटना रोड स्थित भगवान परशुराम मंदिर के ताले तोड़कर दान पात्र से चोरी की गई थी। मंदिर के पुजारी की शिकायत पर थाना पिंजौर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि इन आरोपियों ने शिव शक्ति कॉलोनी स्थित एक अन्य शिव मंदिर में भी सेंधमारी की थी, जहां से माता की मूर्ति के चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। HMT एरिया से काबू किए डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि डिटेक्टिव स्टॉफ की टीम ने इन्चार्ज निर्मल सिंह की अगुवाई में 28 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को एचएमटी पिंजौर के पास से घेराबंदी कर काबू किया। आरोपियों की निशानदेही पर 45 हजार रुपए चोरी किए गए चांदी के आभूषण, जिनमें एक छतर, हार, नथली और झुमके शामिल हैं, बरामद कर लिए हैं। आरोपी रातुल के खिलाफ पहले भी पिंजौर में एक चोरी का मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।
Source link
