फतेहाबाद जिले में रतिया के गांव बबनपुर ढाणी में 43 वर्षीय गुरदीप कौर की जहरीला पदार्थ निगलने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतका के जेठ और जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे गांव बबनपुर ढाणी निवासी गुरदीप कौर ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया था। परिवार के लोग उसे रतिया के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत के चलते हिसार के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार सुबह करीब चार बजे उपचार के दौरान गुरदीप कौर की मौत हो गई। पिता बोले- पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान थी बेटी गुरदीप कौर मूल रूप से पंजाब के मानसा जिले के गांव बरे की रहने वाली थीं और बबनपुर ढाणी में ब्याही थीं। मृतका के भाई अवतार सिंह ने आरोप लगाया कि गुरदीप कौर लंबे समय से पारिवारिक कलह और प्रताड़ना से परेशान थीं। उन्होंने जेठ कुलदीप सिंह, जेठानी परविंदर और परिवार के अन्य सदस्यों पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया। शव को लेकर ससुराल-मायका पक्ष आमने-सामने बुधवार को रतिया के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इस दौरान शव को ले जाने को लेकर मायका पक्ष और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। सरकारी अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच काफी बहस और तनावपूर्ण स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस प्रशासन ने अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। शव के अंतिम संस्कार को लेकर दोनों पक्षों में देर शाम तक सहमति नहीं बन पाई। विवाद के चलते फिलहाल शव को रतिया के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में ही रखा गया है। सदर थाना एसएचओ प्रहलाद राय ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर जेठ और जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Source link
