हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज (बुधवार) से नगर निगम चुनाव प्रचार में उतर गए हैं। सीएम सुक्खू दोपहर बाद मंडी पहुंचे और कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं की। टारना माता मंदिर परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम कहा कि यदि नगर निगम में कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताकर भेजा जाता है तो हर वार्ड के विकास के लिए 50-50 लाख रुपए का विशेष प्रावधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर लगातार ‘मेरी मंडी’ कहकर भावनात्मक राजनीति कर रहे हैं। मंडी किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि सभी की है। सुक्खू ने कहा कि मंडी उनकी भी है और प्रदेश सरकार मंडी के विकास के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। इस दौरान सीएम ने कहा कि हिमाचल में आपदा में तबाही हुई। 2025 की आपदा में प्रधानमंत्री मोदी ने 1500 करोड़ रुपए का स्पेशल पैकेज देने की घोषणा की। मगर वह पैसा अब तक नहीं आया। उन्होंने रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट बंद करने को लेकर भी केंद्र सरकार पर जुबानी हमला बोला। कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बने निगम चुनाव सत्तारूढ़ कांग्रेस के लिए निगम चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गए हैं, क्योंकि नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्ह पर होते हैं। राज्य में दिसंबर 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्य के चार नगर निगम मंडी, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन के चुनाव कांग्रेस सरकार के लिए सत्ता का सेमिफाइनल माने जा रहे हैं। मंडी, पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का गृह जिला है। यहां पिछले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस की करारी हार हुई है। जिले की 10 में से कांग्रेस मात्र 1 सीट जीत पाई है। मंडी नगर निगम पर भी बीजेपी का ही कब्जा रहा है। ऐसे में सीएम सुक्खू मंडी को जीतने के लिए प्रचार में पूरी जान फूंक रहे हैं। रजनी पाटिल, विक्रमादित्य भी मौजूद सीएम सुक्खू मंडी देर शाम तक तीन जनसभाएं करेंगे। टारना के बाद टाउन हॉल पार्किंग और आज की आखिरी जनसभा विपाशा सदन भ्यूली से नेला क्षेत्र में करेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। सीएम सुक्खू के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह इत्याति भी मौजूद रहे। विक्रमादित्य सिंह भी वार्डों में जाकर जनसभाएं कर रहे सीएम से पहले PWD मंत्री एवं मंडी नगर निगम चुनाव को प्रभारी बनाए गए विक्रमादित्य सिंह पहले ही चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। वह, विभिन्न वार्डों में जाकर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं और जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
Source link
