बालोतरा शहर के वार्ड संख्या 44 स्थित प्रजापत कॉलोनी में शुक्रवार देर रात एक ऑटो पार्ट्स गोदाम में आग लग गई। इस घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपए का ऑटो पार्ट्स का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। जानकारी के अनुसार प्रजापत कॉलोनी के एक मकान में यह ऑटो पार्ट्स गोदाम संचालित किया जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे अचानक गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर परिषद की फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने के लगभग 10 से 15 मिनट बाद नगर परिषद की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग बुझाने के दौरान मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा रही। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
Source link
