मुख्य बातें

रात को दोस्तों संग निकला युवक, सुबह बेसुध मिला: जेएलएन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत; परिजनों ने किया विरोध, कार्रवाई की मांग – Ajmer News

रात को दोस्तों संग निकला युवक, सुबह बेसुध मिला:  जेएलएन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत; परिजनों ने किया विरोध, कार्रवाई की मांग – Ajmer News

अजमेर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक की इलाज के दौरान जेएलएन अस्पताल में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने बुधवार को अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने युवक के दो दोस्तों पर मारपीट कर घर के बाहर पटकने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चौरसियावास निवासी शहाबुद्दीन ने बताया कि उनका भतीजा शाहरुख (22) पुत्र आमीन दरगाह बाजार स्थित एक होटल पर काम करता था। मंगलवार रात करीब 12:30 बजे उसके दोस्त शाहरुख और अल्ताफ उसे होटल से अपने साथ ले गए थे। इसके बाद सुबह करीब 4 बजे पड़ोसी ने सूचना दी कि शाहरुख घर के बाहर गंभीर हालत में पड़ा हुआ है। परिजन युवक को तुरंत जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। शहाबुद्दीन ने बताया कि घटना की शिकायत कृष्णगंज थाने में भी दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना भी किया था। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों का आरोप है कि युवक के दोस्तों ने उसके साथ मारपीट की और गंभीर हालत में घर के बाहर पटककर फरार हो गए, जिससे उसकी मौत हुई। कृष्णगंज थाना के सब इंस्पेक्टर उगमाराम ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिली है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की ओर से जो भी रिपोर्ट दी जाएगी, उसके आधार पर नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *