प्रतापगढ़ पुलिस ने एक राहगीर से लूट के मामले में एक साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मंदसौर जिले के मगराना बिल्लोद से पकड़ा गया है। जंगल में तीन लोगों ने रोका
देवगढ़ थाना पुलिस के अनुसार, सादड़ी फला नकोर निवासी कन्हैयालाल मेघवाल (30) ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया- वो अपने साथियों मुकेश और नरेश के साथ मोटरसाइकिल से धरियावद से नकोर लौट रहे थे। पुंगातालाब से ग्यासपुर के बीच जंगल में अंधेरे का फायदा उठाकर तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया। फोन और नकदी लूटकर फरार हुए
आरोपियों ने काले कपड़े पहने हुए थे। उन्होंने तीनों को डरा-धमकाकर उनके मोबाइल फोन और कुछ नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वहां से गुजर रही एक कार की रोशनी में उन्होंने आरोपियों को देखा और उनकी पहचान कर ली थी। इस रिपोर्ट के आधार पर देवगढ़ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त को पकड़ने के लिए कई बार उसके ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि, आरोपी हिस्ट्रीशीटर और शातिर होने के कारण हर बार मकान के पास के जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। प्रतापगढ़ एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर, एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन में देवगढ़ थानाधिकारी नगजीराम के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने आखिरकार वांछित अभियुक्त को मंदसौर जिले के मगराना बिल्लोद से हिरासत में लिया और बापर्दा गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी डूंगरपुर जिले के निठउवा थाने का स्थायी वारंटी भी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Source link
