परिवार घर लौटा तो ताले टूटे हुए मिले और सामान बिखरा था। AI जनरेट फोटो।
पानीपत के पॉश इलाके सेक्टर 13-17 में एक प्रॉपर्टी कंसल्टेंट के घर चोरी की बड़ी वारदात हुई है। चोरों ने घर से 4.25 लाख रुपए नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। यह घटना तब हुई जब परिवार पुणे में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। प
.
जानकारी अनुसार, सेक्टर 13-17 निवासी विशाल चहल ने पुलिस को बताया कि वे 17 दिसंबर को परिवार के साथ पुणे में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। 21 दिसंबर की रात करीब 2:50 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
विशाल चहल के अनुसार, चोरों ने अलमारी में रखे 4 लाख 25 रुपए नकद चुरा लिए। इसके अतिरिक्त, लगभग 199 ग्राम सोना, जिसमें झुमके, गले के दो सेट, चेन, दो लेडीज कड़े, जेंट्स रिंग, गोल्ड कॉइन, सूरज-चांद और बच्चे का कड़ा शामिल है, चोरी हुआ।
चोरों ने लगभग 1.5 किलो चांदी के बर्तन, पायल, सिक्के और बच्चों के 6 जोड़ी कड़े भी चुराए। अन्य चोरी हुए सामान में एक जेंट्स घड़ी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी शामिल है। सबूत मिटाने के उद्देश्य से चोर सीसीटीवी का डीवीआर (सीपी प्लस) भी अपने साथ ले गए।
थाना सेक्टर 13-17 पुलिस ने विशाल चहल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने धारा 305 और 331(4) BNS के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
