आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी कर कच्ची शराब बनाने वाले को पकड़ा है।
जींद के उचाना में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने गांव लोधर में एक घर पर छापा मारकर 50 लीटर लाहन (कच्ची शराब बनाने का सामान) बरामद किया है। इस दौरान एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।
.
उप-आबकारी एवं कराधान आयुक्त पुनीत शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। विभाग को सूचना मिली थी कि लोधर गांव में एक घर में अवैध शराब बनाने का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें स्टाफ सदस्य संदीप, प्रवीन और उचाना थाना पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की और मौके से 50 लीटर लाहन के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा। पकड़े गए आरोपी की पहचान रामफल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उप- आबकारी एवं कराधान आयुक्त पुनीत शर्मा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध शराब की बिक्री या निर्माण की सूचना मिलती है, तुरंत कार्रवाई की जाती है।
