माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने बोर्ड पैटर्न पर आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत कक्षा 9 और 11 की वार्षिक परीक्षा (सत्र 2025-26) के प्रश्नपत्रों की सुरक्षा भी बोर्ड पैटर्न पर ही करने के आदेश दिए हैं। यह परीक्षा 7 मार्च से 19 मार्च तक प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों व परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। निदेशालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार परीक्षा का आयोजन पूरे राज्य में एक समान प्रश्नपत्र और समान समय विभाजन के साथ किया जाएगा। ऐसे में प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। 28 फरवरी से शुरू हुआ प्रश्नपत्र वितरण आदेश में माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने कहा है कि जिला मुख्यालय के निर्धारित राजकीय कार्यालय/विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा अथवा उनके द्वारा अधिकृत प्रभारी अधिकारी को 28 फरवरी 2026 से प्रश्नपत्रों के पैकेट/बॉक्स गोपनीय फर्म के प्रतिनिधि द्वारा हस्तांतरित किए जा चुके हैं। सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम निदेशक की ओर से समस्त जिला कलेक्टरों, जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्त को परीक्षा के सफल व सुव्यवस्थित आयोजन के लिए समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
Source link
