रतलाम जिले के सैलाना से विधायक कमलेश्वर डोडियार मंगलवार सुबह अवैध शराब ले जाने के शक में एक बोलेरो गाड़ी का पीछा कर उसे रुकवाया। विधायक ने आरोप लगाया कि गाड़ी में अवैध शराब भरी हुई थी। हालांकि, जब पुलिस ने गाड़ी की जांच की तो उसमें शराब नहीं मिली। इसके बाद विधायक समर्थकों के साथ सैलाना थाने में धरने पर बैठ गए। टक्कर मारकर भागने का आरोप विधायक कमलेश्वर डोडियार का कहना है कि सुबह उनके साथी नागेश्वर की बोलेरो को एक दूसरी बोलेरो ने कोटड़ा इलाके में टक्कर मारी और वहां से भागने लगी। विधायक को सूचना मिली कि इसी गाड़ी में अवैध शराब भरी हुई है। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ गाड़ी का पीछा किया। उनका आरोप है कि पीछा किए जाने के दौरान बोलेरो चालक ने रास्ते में कहीं शराब खाली कर दी। बाद में गाड़ी बायपास पर पकड़ी गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो को जब्त कर सैलाना थाने ले गई। पहले गाड़ी में शराब नहीं मिली पुलिस जब बोलेरो को थाने लेकर पहुंची और उसकी जांच की गई तो उसमें शराब नहीं मिली। इस पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गाड़ी में शराब नहीं मिलने से कार्रवाई करना मुश्किल है। लेकिन विधायक का कहना था कि गाड़ी में पहले शराब भरी हुई थी और पीछा किए जाने के दौरान उसे रास्ते में उतार दिया गया। इसी बात को लेकर विधायक अपने समर्थकों के साथ थाने में धरने पर बैठ गए। बाद में चार पेटी शराब बरामद की पुलिस ने बाद में बोलेरो चालक से पूछताछ की। पूछताछ में चालक ने बताया कि गाड़ी में केवल चार पेटी शराब थी, जिसे सैलाना की एक शराब दुकान पर उतारा गया था। इसके बाद पुलिस चालक की निशानदेही पर संबंधित दुकान पहुंची और वहां से चार पेटी शराब बरामद कर लाई। हालांकि विधायक और उनके समर्थक इससे संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना था कि गाड़ी में इससे ज्यादा शराब थी और पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। CCTV दिखाने की मांग करने लगे विधायक विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मांग की कि नगर और संबंधित शराब दुकानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर यह पता लगाया जाए कि वास्तव में कितनी शराब लाई गई थी और उसे कहां उतारा गया। धरने में जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंदू मईड़ा सहित अन्य समर्थक भी मौजूद रहे। पिंकी आकाश ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को देखा जाएगा।
Source link
