झालावाड़ में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया। जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रघुराज सिंह हाडा ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू भारत के पहले प्रधानमंत्री होने के साथ-साथ महान स्वतंत्रता सेनानी भी थे। उन्हें आधुनिक भारत का निर्माता माना जाता है। हाडा ने बताया कि नेहरू का बच्चों के प्रति विशेष स्नेह था और उन्होंने देश की औद्योगिक, वैज्ञानिक और शैक्षणिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वे कई बार जेल भी गए और देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। निकाय प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष फारूक अहमद ने नेहरू के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश में आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सुधारों के लिए कई योजनाएं लागू कीं। कृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए बड़े बांधों का निर्माण कराया और शिक्षा के क्षेत्र में आईआईटी और एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अहमद ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गुटनिरपेक्ष आंदोलन की स्थापना में भी नेहरू की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेहरू के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ओम पाठक, सेवादल अध्यक्ष डॉ. नंदसिंह राठौड़, नफीस शेख, विष्णु दांगी, यूनुस भाई, विष्णु दयाल रैगर, सत्यनारायण सुमन, भगवती प्रकाश मेहर, मंजीत सिंह कुशवाहा, लालचंद रैगर, भूपेंद्र अग्रवाल और जावेद चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
