पीड़िता को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरायकेला जिले के चांडिल में एक नाबालिग आदिवासी बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आदिम जनजाति की दो बच्चियां चाकुलिया पीडीएस दुकान से राशन लेने गई थीं। दुकान उनके घर से चार किलोमीटर दूर स्थित है।
.
पीड़िता बेहोशी की अवस्था में मिली
वापसी के दौरान पास के गांव के दो युवकों ने एक बच्ची को पकड़कर जंगल में ले गए। दूसरी बच्ची भागने में सफल रही और गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण तुरंत जंगल पहुंचे और पीड़िता को बेहोशी की अवस्था में बाहर निकाला।
इधर, सूचना मिलते ही चांडिल, कपाली और चौका थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी 24 वर्षीय खगेन मार्डी और 26 वर्षीय हरिपदो सोरेन को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीडब्ल्यूसी की टीम ने की पूछताछ
चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की सदस्य पदमा गोराई ने बताया कि तीन सदस्यीय टीम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से पूछताछ की है। पीड़िता के परिजनों ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
